बिहार में मिथिला का यह पर्व सबसे अलग, कभी बैलों की घंटियों से गूंजते थे गांव
मिथिला का पारंपरिक सुकराती पर्व, जो कभी बैलों की पूजा और ग्रामीण खेलों से गुलजार रहता था, अब आधुनिक खेती ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
सुकराती पर्व कभी बैलों की पूजा का मुख्य दिन था।
आधुनिक खेती ने बैलों की जगह ट्रैक्टरों को दे दी।
पर्व की रौनक सिमटकर अब महज औपचारिकता रह गई।
संवाद सहयोगी, कुशेश्वरस्थान (दरभंगा)। कभी मिथिला के गांवों में सुकराती पर्व की आहट होते ही बैलों के गले में बंधी घंटियां बजने लगती थीं। रंग-बिरंगी रस्सियों से सजे बैल, ओखली में तैयार होने वाला औषधीय शर्बत सोनहाउन और गांवों में होने वाली कुश्ती-कबड्डी की प्रतियोगिताएं इस पर्व की पहचान हुआ करती थीं।
बैलों की पूजा के साथ गांवों में उत्सव और मेल-मिलाप का माहौल बनता था। समय बदला तो खेती का तरीका भी बदल गया। खेतों से बैल गायब हुए और उनकी जगह ट्रैक्टर व आधुनिक कृषि यंत्रों ने ले ली। इसका असर मिथिला की इस अनूठी परंपरा पर भी पड़ा है। अब सुकराती पर्व की रौनक सिमटकर महज औपचारिकता रह गई है।
कभी बैलों के सम्मान का होता था दिन
पांच दिवसीय दीपोत्सव के चौथे दिन मनाए जाने वाले सुकराती पर्व (गोवर्धन पूजा) का ग्रामीण जीवन में विशेष महत्व था। करीब दो दशक पहले तक पशुपालक इस पर्व को पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाते थे।
गाय, बैल, भैंस सहित अन्य मवेशियों को नदी, तालाब और जलाशयों में ले जाकर स्नान कराया जाता था। इसके बाद उन्हें नई और रंग-बिरंगी रस्सियां पहनाई जाती थीं। गले में घंटियां बांधी जाती थीं और सींगों पर सिंदूर अथवा रंग लगाया जाता था।
ओखली में कूटकर बनता था सोनहाउन
सुकराती की एक खास परंपरा सोनहाउन तैयार करने की भी थी। कुछ औषधीय जंगली पौधों को पानी से धोकर ओखली में कूटा जाता था। इसके बाद उनका रस निकालकर शर्बत तैयार किया जाता था।
इसे बैलों को पिलाने की परंपरा थी। ग्रामीणों की मान्यता थी कि इस औषधीय शर्बत के सेवन से बैल सालभर निरोग और तरोताजा रहते हैं। गांव के बड़े दरवाजे पर बैलों को एकत्र कर यह परंपरा सामूहिक रूप से निभाई जाती थी।
कुश्ती-कबड्डी से गुलजार रहते थे गांव
सुकराती पर्व केवल पशुओं की पूजा तक सीमित नहीं था। इस अवसर पर गांव-गांव में कुश्ती, कबड्डी सहित विभिन्न पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होती थीं। आसपास के गांवों के युवा और पहलवान इनमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाता था। इससे पर्व के बहाने ग्रामीणों को आपस में मिलने-जुलने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता था।
ट्रैक्टर ने बदल दी खेती की तस्वीर
खेती-किसानी में आधुनिक तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल ने सुकराती पर्व की परंपरा को प्रभावित किया है। खेतों में हल-बैल की जगह ट्रैक्टर और आधुनिक कृषि यंत्रों ने ले ली है। अब किसानों को खेती के लिए बैल पालने की जरूरत नहीं रह गई है। नतीजतन, पशुपालन से जुड़ी पुरानी परंपराएं भी धीरे-धीरे कमजोर पड़ती जा रही हैं।
पशुओं को नहलाने तक सिमटी परंपरा
वर्तमान में कुछ पशुपालक ही गाय और भैंस को स्नान कराकर उन्हें नई रस्सी और घंटियां पहनाते हैं। इसी के साथ पर्व की रस्म पूरी कर ली जाती है। न पहले जैसी बैलों की कतारें दिखती हैं और न ही कुश्ती-कबड्डी की प्रतियोगिताओं से गांवों में वैसा उत्साह नजर आता है। आधुनिक खेती ने जहां किसानों की मेहनत कम की है, वहीं मिथिला की लोकसंस्कृति से जुड़ी सुकराती की पुरानी रौनक भी छीन ली है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।