दरभंगा एयरपोर्ट पर पहले बदला समय फिर अचानक रद हो गई दिल्ली की फ्लाइट
दिल्ली जाने वाले यात्रियों को दरभंगा एयरपोर्ट पर निराशा हाथ लगी जब उनकी फ्लाइट पहले विलंबित हुई और फिर अचानक ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।
HighLights
दिल्ली जाने वाली फ्लाइट अचानक रद हुई।
यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जमकर विरोध किया।
'वॉच आवर' न मिलने से उड़ान रद हुई।
संवाद सहयोगी, दरभंगा। दिल्ली जाने की तैयारी कर घर से निकले यात्रियों को उस वक्त निराशा हाथ लगी, जब एयरपोर्ट पहुंचने के बाद अचानक फ्लाइट रद होने की सूचना मिली। पहले दोपहर दो बजे उड़ान का इंतजार कराया गया, फिर समय बढ़ाकर शाम 4:50 बजे कर दिया गया।
लेकिन करीब तीन बजे विमानन कंपनी ने फ्लाइट रद करने की घोषणा कर दी। इससे एयरपोर्ट पर यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। नाराज यात्रियों ने विमानन कंपनी के प्रतिनिधियों के सामने अपनी आपत्ति जताई। बाद में टिकट को अगली तिथि के लिए रिशेड्यूल कराने के बाद यात्री घर लौट गए।
पहले बदला समय, फिर रद हुई फ्लाइट
दिल्ली से दरभंगा आनेवाली स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी 2495 का दरभंगा एयरपोर्ट पर पहुंचने का निर्धारित समय दोपहर दो बजे था। बाद में विमान के विलंब से चलने की जानकारी देते हुए समय बढ़ाकर शाम 4:50 बजे कर दिया गया। इस बीच दिल्ली जाने वाले बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। इसी दौरान करीब तीन बजे फ्लाइट रद होने की घोषणा कर दी गई। अचानक लिए गए इस निर्णय से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई।
यात्रियों और कंपनी के प्रतिनिधियों में बहस
फ्लाइट रद होने की सूचना मिलते ही यात्रियों ने नाराजगी जताई। एयरपोर्ट परिसर में यात्रियों और विमानन कंपनी के प्रतिनिधियों के बीच कुछ देर तक तीखी बहस हुई। यात्रियों ने उड़ान सेवा बहाल करने की मांग की। हालांकि, विमानन कंपनी के अधिकारियों की मशक्कत के बाद यात्री मान गए। इसके बाद टिकट को अगली तिथि के लिए रिशेड्यूल कराकर वे वापस घर लौट गए।
वाच आवर नहीं मिलने से रद हुई उड़ान
स्पाइसजेट के एक अधिकारी ने बताया कि फ्लाइट पहले से ही विलंब से चल रही थी। इसके बाद दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ान भरने के लिए अनुकूल वाच आवर नहीं मिल रहा था। इस कारण फ्लाइट रद करने का निर्णय लिया गया।
मुंबई की फ्लाइट चार घंटे से अधिक विलंब
बुधवार को दरभंगा एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु के बीच कुल 12 विमानों का आवागमन हुआ। इस दौरान मुंबई से दरभंगा आनेवाली स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी 113 सबसे अधिक विलंब से पहुंची। इसका निर्धारित समय सुबह 11:50 बजे था, लेकिन यह चार घंटे 10 मिनट की देरी से शाम चार बजे पहुंची।
अन्य विमानों का परिचालन लगभग समय पर
दिल्ली से दरभंगा आनेवाली अकासा की फ्लाइट निर्धारित समय 10:50 बजे से 14 मिनट पहले पहुंच गई। मुंबई से आनेवाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई2664 दोपहर 12 बजे के निर्धारित समय से पांच मिनट विलंब से 12:05 बजे पहुंची।
बेंगलुरु से आनेवाली अकासा की फ्लाइट क्यूपी 1513 दोपहर एक बजे के निर्धारित समय से चार मिनट पहले पहुंची। हैदराबाद से आनेवाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई537 दोपहर 2:25 बजे के निर्धारित समय से 15 मिनट पहले पहुंच गई। वहीं, दिल्ली से आनेवाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई360 दोपहर 3:20 बजे के निर्धारित समय से तीन मिनट विलंब से 3:23 बजे दरभंगा पहुंची।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।