दरभंगा में 62 KG चांदी की लूट का सनसनीखेज खुलासा, रेस्टोरेंट मालिक भी निकला लुटेरा; 5 शातिर गिरफ्तार
दरभंगा पुलिस ने शोभन-एकमी बाईपास पर हुई 62 किलो चांदी लूट का खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक ...और पढ़ें

दरभंगा में चांदी की लूट का सनसनीखेज खुलासा
HighLights
शोभन-एकमी बाईपास पर चांदी लूट का खुलासा।
एक रेस्टोरेंट मालिक सहित पांच अपराधी गिरफ्तार।
62 किलो चांदी और नकदी बरामद की गई।
संवाद सहयोगी, सिंहवाड़ा (दरभंगा)। शोभन-एकमी बाईपास पर एम्स के समीप शनिवार की रात बंगाल के सराफा व्यवसायी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने 62 किलो 195 ग्राम चांदी, पांच लाख 94 हजार 100 रुपये नकद, पांच एंड्रायड मोबाइल और दो कार बरामद की है।
पुलिस ने मुख्य आरोपित छोटू कुमार यादव को उसके घर से गिरफ्तार किया। उसके घर से पांच लाख 94 हजार 100 रुपये नकद और एक एंड्रायड मोबाइल बरामद हुआ। उसकी निशानदेही पर निक्की साह के घर से एक बैग में रखे चांदी के 34 बड़े पीस और लाल-सफेद रंग के बोरे में रखे 22 बड़े पीस बरामद किए गए। कुल चांदी का वजन 62 किलो 195 ग्राम बताया गया है।
वहीं विशाल महासेठ उर्फ विक्की और धीरज सोनी को सिमरी थाना क्षेत्र में एनएच-27 फोरलेन पर पटना से दरभंगा आने के दौरान कार से गिरफ्तार किया गया। कादिराबाद स्थित कुसुम रेस्टोरेंट के मालिक संतोष कुमार साह को होटल से तथा उसके दोस्त तेजस अभिषेक चंद्र को होटल के बगल से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान
गिरफ्तार आरोपितों में विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कादिराबाद निवासी रामसेवक यादव के पुत्र छोटू कुमार यादव (34), विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कादिराबाद निवासी ध्रुव नारायण महासेठ के पुत्र विशाल महासेठ उर्फ विक्की (35), नगर थाना क्षेत्र के जीतूगाछी निवासी सीताराम सोनी के पुत्र धीरज सोनी, विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के रूहेलगंज निवासी स्व. बैजनाथ साह के पुत्र संतोष कुमार साह (63) तथा नगर थाना क्षेत्र के शुभंकरपुर वार्ड संख्या आठ निवासी रामचंद्र प्रसाद के पुत्र तेजस अभिषेक चंद्र (23) शामिल हैं।
दो कार समेत अन्य सामान जब्त
पुलिस ने आरोपितों के पास से एक स्विफ्ट कार (बीआर07एपी 2202) और एक टाईगोर कार (बीआर07एवाई9293) भी जब्त की है। इसके अलावा पांच एंड्रायड मोबाइल बरामद किए गए हैं।
एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई थी विशेष टीम
वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी के निर्देश पर लूटकांड के उद्भेदन के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में सदर एसडीपीओ-2 सुवेन्द्र कुमार सुमन के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक सुधीर कुमार, मनोज कुमार, अरविंद कुमार, डीआइयू प्रभारी अमृत लाल साह, सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक शशिशंकर कुमार, विपिन कुमार यादव, रवींद्र कुमार भारती, धीरेन्द्र कुमार तथा डीआइयू के एएसआइ रामबाबू कुमार सहित अन्य सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
यह भी पढ़ें- दरभंगा में बच्चे को बाइक की हल्की टक्कर के बाद आमने-सामने आए दो पक्ष, तलवार-लाठी से हमले में 5 लोग घायल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।