दरभंगा में बच्चे को बाइक की हल्की टक्कर के बाद आमने-सामने आए दो पक्ष, तलवार-लाठी से हमले में 5 लोग घायल
दरभंगा के अरई गांव में बाइक से बच्चे को हल्की टक्कर लगने के बाद दो पक्षों में विवाद बढ़ गया, ...और पढ़ें
-1794241846230_m.webp)
दरभंगा के अरई गांव के वार्ड संख्या-15 मारपीट करते लोग।
संवाद सहयोगी, सिंहवाड़ा (दरभंगा)। सड़क पर अचानक दौड़कर आए बच्चे को बाइक की हल्की टक्कर लगने के बाद गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामूली बात से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-तलवार चलने लगी।
घटना में पांच लोग घायल हो गए। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस और क्यूआरटी की टीम को मौके पर पहुंचना पड़ा। पुलिस की तत्परता से स्थिति पर काबू पाया जा सका।
बाइक से बच्चे को लगी हल्की टक्कर, बढ़ा विवाद
घटना सिमरी थाना क्षेत्र के अरई गांव के वार्ड संख्या-15 की है। सोमवार की शाम करीब 5:30 बजे अरई निवासी अरुण कुमार बाजार से बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान एक बच्चा अचानक दौड़कर सड़क पर आ गया और बाइक से हल्का सट गया। इसके बाद दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। देखते ही देखते कहासुनी शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
तलवार और लाठी से हमले का आरोप
बाइक चालक अरुण कुमार ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के कुछ लोग तलवार और लाठी से लैस होकर पहुंचे और उनके साथ मारपीट करने लगे। उन्हें बचाने के लिए गांव के कुछ लोग आगे आए तो वे भी हमले की चपेट में आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।
पांच लोग घायल, एक का सिर फटा
मारपीट में पांच लोग घायल हो गए। इनमें गणेश कुमार का सिर फट गया। घायलों में शोभा देवी, अरुण कुमार और अर्जुन महतो भी शामिल हैं। पुलिस ने अरई निवासी शेर अफगान के पुत्र आरजू खान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कई थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही सिमरी थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिंहवाड़ा, मोरो और मब्बी थाने की पुलिस के साथ क्यूआरटी की टीम भी बुलाई गई। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस की तैनाती की गई है।
पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
सदर एसडीपीओ-टू एसके सुमन ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना में शामिल लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।