छठ के बाद मिथिलांचल में सामा-चकेवा की धूम, मिट्टी की मूर्तियों और मैथिली गीतों से सजी गांवों की शाम
छठ पर्व के समापन के बाद केवटी समेत मिथिलांचल में सामा-चकेवा पर्व की धूम है, जिसमें भाई-बहन के प्रेम को ...और पढ़ें

मिट्टी की मूर्तियां तैयार करती महिलाएं (सौ. जागरण)
HighLights
छठ के बाद केवटी में सामा-चकेवा पर्व का उल्लास।
भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक, मिट्टी की प्रतिमाएं बनती हैं।
पारंपरिक मैथिली गीत और चुगला दहन इस पर्व की खासियत।
संवाद सहयोगी, केवटी (दरभंगा)। छठ पर्व के समापन के साथ ही केवटी प्रखंड मुख्यालय समेत गांवों में सामा-चकेवा के पारंपरिक मैथिली गीत गूंजने लगे हैं। मिट्टी की सोंधी महक, बांस के चंगेरा में सजी प्रतिमाएं और नई धान की बालियां इस लोकपर्व की छटा बढ़ा रही हैं।
भाई-बहन के प्रेम और त्याग से जुड़ा यह पर्व 24 नवंबर तक मनाया जाएगा। महिलाएं और बच्चियां मिट्टी से सामा, चकेवा, वृंदावन, चुगला, डोलिया, पिपहिया, भमरा, झांझी और कुत्ता समेत कई आकृतियां बनाई हैं। इन्हें मिथिला की पारंपरिक चित्रकला से सजाकर चंगेरा में रखा जाता है।
प्रेम और त्याग की स्मृति में मनाया जाता है पर्व
शाम को समूह में गीत गाते हुए महिलाएं और बच्चियां एक-दूसरे के घर जाती हैं। सामा-चकेवा मिथिला की प्राचीन परंपरा है। यह मिथिलांचल, सीमांचल, कोसी क्षेत्र और नेपाल की तराई में उल्लास से मनाया जाता है।
लोकमान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण की पुत्री सामा पर चुगला ने झूठा आरोप लगाया था, जिसके कारण उन्हें पक्षी बनने का श्राप मिला। भाई चकेवा भी बहन के साथ पक्षी बन गए। बाद में दोनों को मुक्ति मिली। इसी प्रेम और त्याग की स्मृति में पर्व मनाया जाता है।
बुराई और चुगली का प्रतीक चुगला
चुगला को बुराई और चुगली का प्रतीक मानकर जलाया जाता है। छठ के बाद महिलाएं और बच्चियां तालाब या खेत से मिट्टी लाकर प्रतिमाएं बनाती हैं। सामा को लाल-पीली साड़ी, चूड़ी और सिंदूर से सजाया जाता है। दादी-नानी नई पीढ़ी को प्रतिमाएं बनाना, पर्व की कथा और गीत सिखाती हैं।
नौ दिनों तक शाम को बटगबनी, सोहर, झूमर और समदाउन समेत मैथिली गीत गाए जाते हैं। इनमें भाई-बहन का स्नेह, बेटी का बचपन, ससुराल की याद और चुगला की बुराई का वर्णन होता है। पूजा में नई धान की बालियां, चूड़ा, गुड़, केला, मूली और गन्ना चढ़ाते हैं।
कार्तिक पूर्णिमा को सामा-चकेवा की विदाई होती है। भाई-बहन प्रतिमाओं को खेत या चौबटिया ले जाकर विसर्जित करते हैं। बहनें भाइयों को नए धान का चूड़ा खिलाती हैं और भाई सुखी जीवन का आशीर्वाद देते हैं। नई फसल से जुड़ा यह पर्व मिथिला की संस्कृति और पारिवारिक रिश्तों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।