पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने से झुलसे युवक ने पटना में तोड़ा दम, दरभंगा में पुलिस की सुस्ती पर भड़के परिजन
सिमरी थाना क्षेत्र के सढवाड़ा गांव में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने से गंभीर रूप से झुलसे कन्हैया कुमार (19) की पीएमसीएच पटना में मौत हो गई। परिजनों ने 11 दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने से झुलसे युवक ने तोड़ा दम (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
पेट्रोल हमले में झुलसे कन्हैया कुमार की पटना में मौत।
घटना के 11 दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं।
परिजनों ने पुलिस की ढीली कार्रवाई पर नाराजगी जताई।
संवाद सहयोगी, सिंहवाड़ा। सिमरी थाना क्षेत्र के सढवाड़ा गांव में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने से गंभीर रूप से झुलसे कन्हैया कुमार (19) की बुधवार रात को उपचार के दौरान पीएमसीएच पटना में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक दो भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। मजदूरी कर अपने परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
नेपाली और कन्हैया के बीच किसी बात को लेकर विवाद
मालूम हो कि 15 नवंबर की रात करीब नौ बजे भट्टी चौक स्थित एक चाय दुकान पर पेट्रोल छिड़कने के बाद लगी आग में कन्हैया और उसका दोस्त शिवम कुमार (16) गंभीर रूप से झुलस गए थे।
बताया जाता है कि शिवम अपने दोस्तों कन्हैया, हर्ष और मन्नू के साथ चाय पीने दुकान पर गया था। इसी दौरान गांव के बलराम सहनी, नेपाली उर्फ रवि और एक अन्य युवक बाइक से वहां पहुंचे। दुकान पर पेट्रोल लेने के बाद नेपाली और कन्हैया के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
आग लगते ही मौके पर अफरातफरी
आरोप है कि नेपाली ने कन्हैया को थप्पड़ मार दिया। इसका विरोध करने पर बलराम ने हाथ में रखे पेट्रोल को शिवम और कन्हैया के शरीर पर छिड़क दिया। इसी दौरान दुकान के चूल्हे से दोनों के शरीर में आग लग गई। घटना में हर्ष का पैर भी मामूली रूप से झुलस गया था।
आग लगते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। किसी तरह दोनों युवकों ने अपने शरीर की आग बुझाई और घर पहुंचे। बाद में स्वजन ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। कन्हैया की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे डीएमसीएच से पीएमसीएच पटना रेफर किया गया था। जहां बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, शिवम का इलाज डीएमसीएच में चल रहा है।
आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी
इधर, मामले के अनुसंधानकर्ता दारोगा शशि शंकर कुमार ने बताया कि अनुसंधान के दौरान घटना में शामिल तीसरे युवक की पहचान सढवाड़ा निवासी रामवृक्ष दास के पुत्र चंदन कुमार (21) के रूप में हुई है। घटना में बलराम सहनी और नेपाली उर्फ रवि की संलिप्तता सामने आई है। इनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

मृत कन्हैया कुमार (सौ. परिजन)
कन्हैया की मौत के बाद स्वजन ने आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि घटना के 11 दिन बीत जाने और अब एक युवक की मौत हो जाने के बावजूद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़ा करता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।