दरभंगा के बिरौल थानाध्यक्ष का अभद्र भाषा वाला वीडियो वायरल, पहले भी गाली-गलौज पर हटाए गए थे
बिरौल थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष अमृतलाल वर्मन का शिकायतकर्ता से अमर्यादित भाषा में बात करने का वीडियो वायरल हुआ है, जिससे पुलिस की किरकिरी हो रही है। एसडीपीओ ने वर्मन को चेतावनी दी है।

दरभंगा के बिरौल थानाध्यक्ष पहले भी गाली-गलौज करने के आरोप में हटाएं गए थे। (फोटो-प्रतीकात्मक)
HighLights
प्रभारी थानाध्यक्ष अमृतलाल वर्मन का अमर्यादित भाषा वीडियो वायरल।
शिकायतकर्ता से भूमि विवाद मामले में की अभद्रता।
एसडीपीओ ने दी चेतावनी, पुलिस कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न।
जागरण संवाददाता,बिरौल/दरभंगा। बिरौल थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष अमृतलाल वर्मन के शिकायतकर्ता के साथ अमर्यादित भाषा का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस की किरकिरी हो रही है।
प्रसारित वीडियो में प्रभारी थानाध्यक्ष अमृत लाल वर्मन भूमि विवाद में महिला पुलिसकर्मी के सामने शिकायतकर्ता से अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। वीडियो प्रसारित होने के बाद एसडीपीओ संजीव शेखर झा ने बताया कि प्रभारी थानाध्यक्ष से पूछताछ की गई है और उन्हें चेतावनी दी गई है।
हालांकि पूछताछ एवं चेतावनी की प्रवृति को लेकर पुलिस महकमा की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। क्योंकि पहले भी गाली गलौच को लेकर वर्मन को थानाध्यक्ष से हटाया गया था। फिर से उन्हें प्रभारी थानाध्यक्ष बना दिया गया।
एसडीपीओ ने बताया कि प्रसारित वीडियो का प्रारंभिक आकलन किया गया है। वीडियो में प्रयुक्त भाषा को अनुशासित पुलिस कार्यशैली के अनुरूप नहीं माना जा सकता।
थानाध्यक्ष को भविष्य में ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं करने और अपने व्यवहार में सुधार लाने का निर्देश दिया गया है। एसडीपीओ ने पूरे प्रकरण की पृष्ठभूमि बताते हुए कहा कि मामला जमीन के स्वामित्व विवाद से जुड़ा है।
वीडियो में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनमें वारी सिंघिया निवासी संजीव झा भी एक पक्षकार हैं। संजीव झा ने वासो पंडित उर्फ राम अवतार पंडित से जमीन खरीदने का दावा करते हुए इस संबंध में आवेदन दिया है।
उक्त जमीन पर वासो पंडित, हरे राम आचार्य, राजेश नायक और संजीव झा सहित कई पक्षों का दावा है। ऐसे में विवादित जमीन पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच जरूरी है।
जनप्रतिनिधियों की ओर से पुलिस अधिकारियों को फोन किए जाने के सवाल पर एसडीपीओ ने कहा कि आम नागरिक अपनी समस्याएं लेकर जनप्रतिनिधियों के पास जाते हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों का अधिकारियों से बात करना स्वाभाविक प्रक्रिया है। इसे गलत या अवैध नहीं कहा जा सकता।
बताते हैं कि करीब छह माह पहले बिरौल के थानाध्यक्ष अमृतलाल वर्मन पर एक महिला के साथ गाली गलौज करने के मामले में पटना हाई कोर्ट में मामला चल रहा था।
जिसको लेकर हाईकोर्ट के निर्देश पर मिथिला क्षेत्र के डीआइजी ने उन्हें बिरौल थानाध्यक्ष के पद से हटा दिया था। उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही चल रही है। इधर, पडरी के काशीकांत ठाकुर हत्याकांड में थानाध्यक्ष चंद्रमणि की लापरवाही पाते हुए एसएसपी ने लाइन हाजिर कर दिया और पर्यवेक्षी पदाधिकारी वर्मन को फिर से प्रभारी थानाध्यक्ष बना दिया गया।