दरभंगा में 4 दिन से लापता किशोरी का पेड़ से लटका मिला शव, पिता ने प्रेमी पर लगाया हत्या का आरोप
दरभंगा के बड़गांव थाना क्षेत्र में 27 अक्टूबर से लापता 17 वर्षीय किशोरी रोशनी कुमारी का शव पेड़ से लटका ...और पढ़ें

पिता ने प्रेमी पर लगाया हत्या का आरोप
HighLights
दरभंगा में 17 वर्षीय किशोरी का शव पेड़ से लटका मिला।
पिता ने प्रेमी अच्छे मुखिया पर हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, आरोपी की तलाश जारी।
संवाद सहयोगी, दरभंगा। बड़गांव थाना क्षेत्र के कोठराम रहि टोल में एक किशोरी का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान बड़गांव थाना क्षेत्र के खतवारा टोले रहि, वार्ड नंबर 12 निवासी राजकिशोर मुखिया की पुत्री रोशनी कुमारी (17) के रूप में हुई है। वह 27 अक्टूबर की दोपहर घर से लापता हो गई थी।
स्वजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच गुरुवार दोपहर घर से करीब आधा किलोमीटर दूर एक बगीचा में पेड़ से उसका शव लटका मिला। भैंस चरा रहे लोगों ने शव देखकर ग्रामीणों को सूचना दी।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया
खबर फैलते ही मृतका के पिता राजकिशोर मुखिया सहित अन्य ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। बेटी का शव देखते ही पिता फफककर रोने लगे। शव दुपट्टे के सहारे पेड़ से लटका था। ग्रामीणों ने उसे नीचे उतारा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार को डीएमसीएच में पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव स्वजन को सौंप दिया। मृतका के पिता ने गांव के ही युवक अच्छे मुखिया पर बेटी की हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया।
प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी
उन्होंने बताया कि रोशनी और अच्छे मुखिया के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों मोबाइल पर घंटों बातचीत करते थे। करीब एक महीने पहले घरवालों ने दोनों को बातचीत करते पकड़ लिया था। इसके बाद रोशनी के घर से बाहर आने-जाने पर पाबंदी लगा दी गई और उसका मोबाइल भी छीन लिया गया। बावजूद रोशनी अच्छे मुखिया से शादी करने की जिद पर अड़ी थी।
बाद में स्वजन शादी के लिए तैयार भी हो गए, लेकिन युवक के परिवारवालों ने शादी से इनकार कर दिया। इसी बीच 27 अक्टूबर की दोपहर अच्छे मुखिया का फोन आने के बाद रोशनी घरवालों की नजर बचाकर निकल गई। इस मामले को लेकर गांव में पंचायत भी हुई थी। पिता का आरोप है कि पंचायत में प्रेमी ने रोशनी के ठिकाने की जानकारी देने से इनकार कर दिया।
हत्या कर शव को पेड़ से लटका
उन्होंने आशंका जताई कि पंचायत के बाद मामले का खुलासा होने के डर से अच्छे मुखिया ने बुधवार की रात रोशनी की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया। पिता ने शव ताजा होने की बात भी कही है। हालांकि, हत्या और आरोपों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
उधर, बिरौल एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी पहुंचकर साक्ष्य एवं नमूने एकत्र किए। बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है। उधर, पुलिस आरोपित युवक की तलाश में जुटी है। उसकी गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।