दरभंगा में पुलिस की नाव डुबोई, तैरकर जान बचाने को मजबूर हुए जवान, दो आरोपित गिरफ्तार
दरभंगा के भुभौल गांव में छापेमारी के दौरान पुलिस टीम की नाव को दो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए डुबो ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम की नाव डुबोई गई।
पुलिसकर्मी तैरकर सुरक्षित बाहर निकले, कोई हताहत नहीं।
दो आरोपी गणेश सदा और सोनू सदा गिरफ्तार।
संवाद सहयोगी, गौड़ाबौराम (दरभंगा)। छापेमारी करने जा रही पुलिस टीम को रास्ते में ही रोकने की कोशिश की गई। आरोप है कि पुलिसकर्मियों को देखकर नाव पर सवार दो लोगों ने पहले गाली-गलौज की और फिर पुलिसकर्मियों को लेकर जा रही नाव डुबो दी।
अचानक नाव डूबने से पुलिस टीम में अफरातफरी मच गई। हालांकि, नाव पर सवार सभी पुलिसकर्मी तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना जमालपुर थाना क्षेत्र के भुभौल गांव की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस को देखते ही करने लगे गाली-गलौज
थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के अनुसार, सोमवार की रात दारोगा दीपक चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम गुप्त सूचना के आधार पर भुभौल गांव में छापेमारी करने जा रही थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में कुछ लोग असामाजिक गतिविधियों और नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त हैं। इसी सूचना पर पुलिस टीम नाव से जा रही थी।
पुलिसकर्मियों को लेकर जा रही नाव डुबोई
इसी दौरान नाव पर सवार दो आरोपितों ने पुलिसकर्मियों को देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि दोनों ने नाव डुबो दी। नाव डूबने के बाद पुलिसकर्मियों को तैरकर बाहर निकलना पड़ा। घटना में किसी पुलिसकर्मी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
गणेश सदा और सोनू सदा गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में गणेश सदा और सोनू सदा को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
