छठ की खुशियों के बीच पसरा मातम, दरभंगा में 3 दिन से लापता अधेड़ का तालाब में मिला शव
दरभंगा के सकतपुर थाना क्षेत्र में तीन दिनों से लापता 51 वर्षीय योगेश्वर राय उर्फ घुटेश्वर राय का शव रविवार सुबह एक तालाब में मिला।

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस। (जागरण)
HighLights
तीन दिनों से लापता अधेड़ का शव तालाब में मिला।
छठ महापर्व के बीच परिवार में मातम छा गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।
संवाद सहयोगी, तारडीह (दरभंगा)। सकतपुर थाना क्षेत्र के कैथवार गांव में रविवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब तीन दिनों से लापता 51 वर्षीय योगेश्वर राय उर्फ घुटेश्वर राय का शव गांव के ही एक तालाब में उपलाता मिला।
शव पानी में फूल चुका था। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वहीं, छठ महापर्व की खुशियों के बीच परिवार में मातम पसर गया।
स्वजन के अनुसार, घुटेश्वर राय शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे के बाद से लापता थे। स्वजन लगातार आसपास के इलाकों में उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था।
महिलाओं ने देखा शव
रविवार सुबह गांव की कुछ महिलाओं ने तालाब में शव को देख शोर मचाया। ग्रामीणों ने तत्काल डायल-112 और सकतपुर थानाध्यक्ष को सूचना दी। ग्रामीणों के सहयोग से शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
आशंका जताई जा रही है कि शौच के दौरान गहरे पानी में चले जाने से डूबकर उनकी मौत हुई होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सकतपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, प्रभारी अंचल अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर राजस्व कर्मचारियों को भेजा गया है।
मुखिया विश्वनाथ झा ने बताया कि घुटेश्वर राय काफी धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। गांव में घूम-घूमकर जय श्रीराम का उद्घोष करना और दूसरों से भी बुलवाना उनकी दिनचर्या में शामिल था। गांव में काली पूजा हो या भजन-कीर्तन, वह हर आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे।