दरभंगा में अपनी ही अवैध पिस्टल से सहायक दारोगा को लगी थी गोली, सच्चाई छिपाने में तीन पुलिसकर्मी निलंबित
दरभंगा में सहायक दारोगा रणधीर कुमार को अपनी ही अवैध देसी पिस्टल से गोली लगी थी, न कि किसी अपराधी ...और पढ़ें

अवैध पिस्टल जब्त कर ली है और सहायक दारोगा के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
संवाद सहयोगी, तारडीह (दरभंगा)। Darbhanga ASI Firing Incident: दरभंगा के सकतपुर थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान सहायक दारोगा रणधीर कुमार को गोली लगने के मामले में पुलिस ने बड़ा राजफाश किया है।
जांच में सामने आया है कि उन्हें किसी अपराधी ने गोली नहीं मारी थी, बल्कि उनके पास मौजूद अवैध देसी पिस्टल से ही अचानक गोली चली थी।
घटना की सच्चाई छिपाने और पुलिस जांच को भटकाने के आरोप में घायल सहायक दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
वहीं, गश्ती दल में शामिल दो होमगार्ड जवानों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। पुलिस ने थाना परिसर में छिपाकर रखी गई अवैध पिस्टल जब्त कर ली है और सहायक दारोगा के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सीसीटीवी और जीपीएस जांच से खुला मामला
पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पांच नवंबर को उजान गांव के पास गश्ती के दौरान एएसआइ रणधीर कुमार को गोली लगी थी।
शुरुआती सूचना में अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारने की बात कही गई थी। इसी आधार पर सकतपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बेनीपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच की गई। इसमें घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल टावर लोकेशन, पुलिस वाहन के जीपीएस और गश्ती दल में शामिल पुलिसकर्मियों के बयान का विश्लेषण किया गया। इन साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविक स्थिति सामने आई।
अवैध पिस्टल रखने के दौरान चली थी गोली
जांच में पता चला कि पांच नवंबर को दोपहर करीब 2:45 से तीन बजे के बीच अवैध पिस्टल रखने या इस्तेमाल करने के दौरान अचानक गोली चल गई थी। गोली एएसआइ रणधीर कुमार के बाएं पैर में लगी और पुलिस वाहन के गेट में जा धंसी।
एफएसएल टीम ने जांच के दौरान पुलिस वाहन से गोली का हिस्सा बरामद किया। इसके बाद थाना परिसर में छिपाकर रखी गई अवैध पिस्टल भी बरामद कर जब्त कर ली गई। पुलिस ने घायल एएसआइ के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
घायल एएसआइ समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित
घटना की वास्तविकता छिपाने और जांच को गलत दिशा में ले जाने के आरोप में पुलिस ने गश्ती दल के तीन सदस्यों पर निलंबन की कार्रवाई की है।
इनमें घायल सहायक दारोगा रणधीर कुमार, चालक सिपाही नीलेश कुमार और महिला सिपाही मधु कुमारी शामिल हैं। वहीं, गश्ती दल में शामिल होमगार्ड जवान लक्ष्मण पासवान और चंदन कुमारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए अनुशंसा की गई है।
पुलिस की जांच में सामने आए तथ्यों के बाद अब इस मामले में अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारने की शुरुआती आशंका खारिज हो गई है। अवैध हथियार रखने और घटना की वास्तविकता छिपाने के मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।