विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब स्कूलों में भी गूंजेगी मैथिली, प्राथमिक शिक्षा में शामिल करने की एक सप्ताह में आएगी अधिसूचना

Published: Wed, 25 Nov 2026 05:49 PM (IST)

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने घोषणा की कि मैथिली को प्राथमिक शिक्षा में शामिल करने की अधिसूचना एक सप्ताह में जारी होगी, जिसके लिए पुस्तकें प्रकाशित होंगी और शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।

मिथिला विभूति पर्व समारोह में अतिथियों का मखान का माला पहनाकर स्वागत करते।  सौजन्य-आयोजक

मिथिला विभूति पर्व समारोह में अतिथियों का मखान का माला पहनाकर स्वागत करते। सौजन्य-आयोजक 

जागरण संवाददाता, दरभंगा । डा. नागेंद्र झा स्टेडियम में मंगलवार शाम 54 वें मिथिला विभूति पर्व समारोह के तीसरे दिन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, पर्यावरण मंत्री डा. रामचंद्र प्रसाद, सांसद डा. गोपालजी ठाकुर, राज्यसभा सदस्य डा. धर्मशीला गुप्ता और कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति डा. लक्ष्मी निवास पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सरकार मैथिली भाषा को प्राथमिक शिक्षा से जोड़ने का निर्णय ले चुकी है और इस संबंध में एक सप्ताह के भीतर अधिसूचना जारी की जाएगी।

मैथिली भाषा और पाठ्यक्रम की पुस्तक जल्द प्रकाशित होगी तथा प्राथमिक कक्षाओं में मैथिली पढ़ाने के लिए शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि मिथिला-मैथिली सभ्यता और संस्कृति का प्रवाह है और सरकार इसकी मांगों के प्रति सजग है।

श्री तिवारी ने बताया कि बिहार सरकार दरभंगा में गुरुकुल विद्यापीठ स्थापित करेगी, जहां एक ही परिसर में संस्कृत की नर्सरी से रिसर्च तक की पढ़ाई होगी। सरस्वती विद्या निकेतन का विस्तार किया जाएगा और जनप्रतिनिधियों की मांग पर विद्यालय को इसी नाम से परिवर्तित किया जाएगा।

सरकार राज्य के सभी प्रखंडों में राजकीय डिग्री कॉलेज खोलने की दिशा में काम कर रही है। कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने के लिए केंद्र से संपर्क जारी है। वित्त रहित महाविद्यालयों के शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मियों को अब हर महीने डीबीटी के जरिए मानदेय दिया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि मिथिला का मखाना देश-दुनिया में लोकप्रिय फास्टफूड बन चुका है और युवा इससे कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने मिथिला की भाषा, संस्कृति और परंपरा पर गर्व करने की बात कही। पर्यावरण मंत्री डा. रामचंद्र प्रसाद ने दरभंगा एयरपोर्ट का नाम विद्यापति के नाम पर रखने के कदम का स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि अशोक पेपर मिल पर सरकार जल्द फैसला लेगी। राज्यसभा सदस्य डा. धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि वह संसद में मिथिला की रीति-रिवाजों को उठाती हैं। उन्होंने विद्यापति को मिथिला का गौरव बताया।

संस्थान के महासचिव डा. बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने अतिथियों का स्वागत किया। पं. कमलाकांत झा के संचालन में शिक्षा मंत्री, वरिष्ठ अधिवक्ता शंभु नाथ झा, कुलसचिव प्रो. दिनेश झा, आईजी केशव कुमार चौधरी, चिकित्सक डा. संजीव कुमार चौधरी और लोक गायिका जुली झा को मिथिला विभूति सम्मान दिया गया।

यह भी पढ़ें- बोर्ड कार्यालय में पड़े हैं, सड़क पर चालान कट रहे, दरभंगा की ट्रैफिक व्यवस्था का अजब हाल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।