विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बोर्ड कार्यालय में पड़े हैं, सड़क पर चालान कट रहे, दरभंगा की ट्रैफिक व्यवस्था का अजब हाल

Published: Wed, 25 Nov 2026 03:57 PM (IST)

दरभंगा में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए खरीदे गए नो-पार्किंग बोर्ड एक साल से एसडीपीओ कार्यालय में पड़े हैं, जबकि शहर में अवैध पार्किंग के लिए प्रतिदिन भारी चालान काटे जा रहे हैं। 

दरभंगा में सदर एसडीपीओ कार्यालय परिसर में खुले आकाश में रखे गए पार्किेग बोर्ड। जागरण

दरभंगा में सदर एसडीपीओ कार्यालय परिसर में खुले आकाश में रखे गए पार्किेग बोर्ड। जागरण 

HighLights

  1. नो-पार्किंग बोर्ड एक साल से कार्यालय में धूल फांक रहे।

  2. शहर में प्रतिदिन अवैध पार्किंग के भारी चालान काटे जा रहे।

  3. वाहन चालक स्पष्ट पार्किंग जोन और बोर्ड लगाने की मांग।

जागरण संवाददाता, दरभंगा । शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए खरीदे गए नो-पार्किंग के बोर्ड एक साल से सदर एसडीपीओ कार्यालय परिसर में धूल फांक रहे हैं।

ट्रैफिक थाने की ओर से इन बोर्डों को शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर लगाया जाना था, ताकि अवैध पार्किंग पर रोक लगाई जा सके। लेकिन एक साल बीतने के बाद भी बोर्ड अपने निर्धारित स्थान तक नहीं पहुंच सके हैं।

कार्यालय परिसर में ये बोर्ड दीवार के सहारे खुले आसमान के नीचे बेतरतीब ढंग से रखे हैं। कुछ जमीन पर गिरे हैं तो कुछ एक-दूसरे के ऊपर लदे हुए हैं।

बारिश और धूप के कारण नए बोर्डों में जंग लगने लगी है। इससे सरकारी राशि से खरीदी गई संपत्ति बर्बाद हो रही है। हैरानी की बात यह है कि शहर में रोज वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

इसमें सबसे अधिक चालान नो-पार्किंग के नाम पर काटे जा रहे हैं। प्रतिदिन इस मद में एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूले जाने की बात सामने आ रही है।

इसके बावजूद शहर में नो-पार्किंग जोन की जानकारी देने वाले बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। वाहन चालकों को यह भी स्पष्ट नहीं है कि किन सड़कों और स्थानों पर नो-पार्किंग लागू है और इसका दायरा कहां तक है।

शहर के लोहिया चौक, बेंता, सैदनगर, लहेरियासराय टावर, दरभंगा जंक्शन, दोनार, अललपट्टी, नाका नंबर पांच और मिर्जापुर रोड में सबसे अधिक चालान काटे जा रहे हैं।

इन इलाकों में प्रतिदिन 50 से 70 ई-रिक्शा, कार और टेंपो चालकों पर कार्रवाई की जा रही है। वाहन चालकों का कहना है कि कई बार अनजाने में वाहन खड़ा करने पर भी चालान काट दिया जाता है।

वाहन चालक कुलदीप कुमार आदि ने प्रशासन से प्रमुख स्थानों पर नो-पार्किंग के बोर्ड लगाने की मांग की है। साथ ही पीली रेखा खींचकर पार्किंग जोन और नो-पार्किंग क्षेत्र की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित कराने को कहा है। इसके बाद ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई हो।

लोगों का कहना है कि बोर्ड उपलब्ध होने के बावजूद उन्हें नहीं लगाना ट्रैफिक थाने की गंभीर लापरवाही है। समय रहते बोर्ड लगा दिए जाते तो यातायात व्यवस्था सुधारने के साथ सरकारी संपत्ति को बर्बाद होने से भी बचाया जा सकता था।

यह भी पढ़ें- खेल-खेल में पढ़ाई से बदली ग्रामीण शिक्षा की तस्वीर, दरभंगा के शिक्षक अरविंद को अंतरराष्ट्रीय सम्मान

यातायात के पास नो पार्किंग के बोर्ड लगाने का फंड नही है । इसे लेकर पहले भी आयुक्त को पत्राचार किया गया है ।इसे लगाने के लिए फिर से फंड की व्यवस्था की जा रही है।

-

प्रकाश कुमार - डीएसपी, यातायात, दरभंगा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।