LNMU में पीजी दाखिले का आखिरी मौका, स्पाट नामांकन के इंतजार में छात्र
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2026-28) की तृतीय चयन सूची के बाद रिक्त सीटों पर स्पॉट ...और पढ़ें

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।
HighLights
पीजी प्रथम सेमेस्टर में स्पॉट नामांकन का इंतजार।
लोकभवन की अनुमति के बाद खुलेगा नामांकन पोर्टल।
''पहले आओ, पहले पाओ'' सिद्धांत पर होगा दाखिला।
जागरण संवाददाता, दरभंगा । ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-28 में तृतीय चयन सूची के तहत दाखिले की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब रिक्त सीटों पर आन स्पाट नामांकन शुरू होने का इंतजार किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन की माने तो लोकभवन यानी कुलाधिपति से स्पाट नामांकन के लिए अनुमति मिलने के बाद ही खाली सीटों की सूची आधिकारिक पोर्टल पर जारी की जाएगी।
तृतीय चयन सूची के आधार पर आवंटित कालेजों और विश्वविद्यालय के विभिन्न स्नातकोत्तर विभागों में दाखिले की मियाद समाप्त हो चुकी है। जिन छात्र-छात्राओं का नाम पिछली सूचियों में नहीं आ सका था, वे अब अपनी किस्मत आजमाने के लिए आन स्पाट राउंड की आस लगाए बैठे हैं।
विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले सभी पीजी विभाग एवं पीजी अध्ययन वाले अंगीभूत व संबद्ध कालेजों में विषयवार बची हुई सीटों को इस अंतिम चरण के माध्यम से भरा जाएगा।
लोकभवन से स्पाट राउंड की अनुमति मिलने के बाद रिक्त सीटों पर स्पाट नामांकन की प्रक्रिया ''पहले आओ, पहले पाओ'' के सिद्धांत या रिक्तियों के अनुसार लागिन पोर्टल खोलकर की जा सकती है। इसके तहत छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर कालेजवार बची हुई सीटों को लाइव देख सकेंगे।
नामांकन से पूर्व छात्रों को अपने सभी जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज जैसे- स्नातक का अंकपत्र, प्रोविजनल सर्टिफिकेट, जाति प्रमाण पत्र और पूर्व आवेदन की पावती प्रति तैयार रखनी होगी। बता दें कि पोर्टल पर सीट आवंटित होते ही छात्रों को संबंधित कालेज या पीजी विभाग में जाकर भौतिक सत्यापन कराना होता है।
विश्वविद्यालय प्रशासन का प्रयास है कि इस प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ जल्द संपन्न कर नए सत्र की नियमित कक्षाएं पूरी क्षमता के साथ संचालित की जाएं। बता दें कि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में लगभग 15 हजार सीटें निर्धारित है। अब भी कई विषयों में सैकड़ों सीटें रिक्त होने की बात कही जा रही है।
