विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राज्य स्तरीय हैंडबाल में सारण, मगध, भागलपुर व एकलव्य दरभंगा ने दर्ज की शानदार जीत

Published: Sun, 11 Oct 2026 07:07 PM (IST)

दरभंगा के नेहरू स्टेडियम में चार दिवसीय राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडलीय हैंडबाल प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ। पहले दिन सारण, ...और पढ़ें

मैदान में प्रदर्शन करते खिलाड़ी। सौ. पीआरडी

मैदान में प्रदर्शन करते खिलाड़ी। सौ. पीआरडी

जागरण संवाददाता, दरभंगा । राज्य खेल प्राधिकरण तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में चार दिवसीय राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडलीय हैंडबाल खेल प्रतियोगिता का रविवार को शानदार आगाज हुआ।

11 से 14 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का उद्घाटन ओएसडी राजेश कुमार गुप्ता, जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार, जिला खेल संघ के सचिव जितेंद्र कुमार, सेवानिवृत्त शिक्षक रवींद्र कुमार सिंह तथा मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स के विजेता मयंक झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

समारोह को संबोधित करते हुए ओएसडी राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि दरभंगा में इस तरह के आयोजन का होना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। खेल से अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का विकास होता है।

वहीं जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि राज्य के नौ प्रमंडलों और एकलव्य दरभंगा की टीमों के खिलाड़ियों के आवासन, भोजन और चिकित्सा की बेहतर व्यवस्था की गई है।

उद्घाटन समारोह के दौरान मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स विजेता मयंक झा, वरीय कराटे खिलाड़ी व ट्रेडिशनल लाठी संघ के अध्यक्ष राजीव प्रकाश मधुकर तथा राष्ट्रीय योग खिलाड़ी (अंडर-12) सागर पासवान को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

पहले दिन अंडर-14 बालक वर्ग में सारण ने तिरहुत को 11-1 से, कोसी ने भागलपुर को 12-4 से, मगध ने दरभंगा को 15-3 से तथा एकलव्य दरभंगा ने पूर्णिया को 12-3 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

अंडर-17 बालक वर्ग में भागलपुर ने कोसी को 16-7 से, मगध ने दरभंगा को 10-5 से और एकलव्य दरभंगा ने पूर्णिया को 17-4 से पराजित किया। मैच के दौरान खिलाड़ियों के स्वास्थ्य की देखरेख के लिए मेडिकल टीम और एंबुलेंस की तैनाती की गई है। कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक केशव कुमार चौधरी कर रहे थे।