दरभंगा के तीन कालेजों पर LNMU का एक्शन, अनुदान खाते सील, लेन-देन पर लगाई रोक
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय ने सेवानिवृत्त प्राचार्यों के पद पर बने रहने के कारण तीन संबद्ध कॉलेजों के अनुदान खातों ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
मिथिला विश्वविद्यालय ने तीन कॉलेजों के खाते फ्रीज किए।
सेवानिवृत्त प्राचार्यों के पद पर बने रहने पर कार्रवाई।
विश्वविद्यालय के निर्देशों की अनदेखी का परिणाम।
जागरण संवाददाता, दरभंगा । ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय ने सेवानिवृत्त प्राचार्यों के पद पर बने रहने और प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी करने के मामले में कार्रवाई की है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने तीन संबद्ध कालेजों के अनुदान खातों से राशि की निकासी और हर प्रकार के लेन-देन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
इस संबंध में कुलसचिव की ओर से संबंधित बैंक शाखाओं को निर्देश जारी कर दिया गया है। जिन कालेजों के बैंक खातों पर रोक लगाई गई है, उनमें दरभंगा स्थित महाराज महेश ठाकुर मिथिला कालेज, लहेरियासराय का नागेंद्र झा महिला कालेज और जाले स्थित काजी अहमद डिग्री कालेज शामिल हैं।
विश्वविद्यालय के अनुसार, इन कालेजों के प्रधानाचार्य अधिवर्षिता आयु पूरी कर सेवानिवृत्त हो चुके हैं, फिर भी वे पद पर बने हुए थे। गत तीन अगस्त को विश्वविद्यालय ने पत्र जारी कर सभी सेवानिवृत्त प्राचार्यों, शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मियों को कार्यमुक्त कर तीन दिनों में रिपोर्ट मांगी थी।
अनुपालन न होने और स्मारपत्र का जवाब न मिलने पर विश्वविद्यालय ने यह सख्त कदम उठाया है। कुलसचिव ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार और विश्वविद्यालय से प्राप्त अनुदान राशि इन खातों में जमा है।
अगले सक्षम आदेश तक बैंकों को किसी भी प्रकार के भुगतान या लेन-देन न करने को कहा गया है। इस कार्रवाई के बाद संबंधित कालेजों के प्रबंधन और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
यह भी पढ़ें- वायुसेना के एयर शो में चमके बिहार के लाल, चिनूक से मां गंगा को प्रणाम कर जीता सबका दिल
यह भी पढ़ें- दरभंगा में ग्रेजुएट की बड़ी आबादी बावजूद मतदान से दूर लाखों ग्रेजुएट, आखिर क्यों पीछे हैं युवा
