वायुसेना के एयर शो में चमके बिहार के लाल, चिनूक से मां गंगा को प्रणाम कर जीता सबका दिल
Indian Air Force : स्क्वाड्रन लीडर नमन अभिषेक ने वाराणसी में 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो के दौरान चिनूक हेलिकॉप्टर ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर के नमन अभिषेक ने चिनूक से किया गंगा को प्रणाम
HighLights
चिनूक हेलिकॉप्टर से मां गंगा को किया प्रणाम।
वाराणसी के 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो में प्रदर्शन।
मुजफ्फरपुर के नमन अभिषेक ने बढ़ाया क्षेत्र का मान।
संवाद सहयोगी, गायघाट (मुजफ्फरपुर)। आसमान में गूंजती चिनूक हेलिकाप्टर की गर्जना, गंगा की लहरों के करीब पहुंचता वायुसेना का विशाल विमान और फिर मां गंगा को प्रणाम करता मुजफ्फरपुर का लाल।
वाराणसी में आयोजित विंग्स ओवर गंगा एयर शो में स्क्वाड्रन लीडर नमन अभिषेक के इस प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान खींचा। उनके इस कौशल की चर्चा जैसे ही गृह प्रखंड गायघाट पहुंची, हसना गांव में गर्व और खुशी का माहौल बन गया।
चिनूक से दिखाया अद्भुत कौशल
गायघाट प्रखंड के हसना गांव निवासी प्रमोद कुमार सिंह और माला सिंह के पुत्र स्क्वाड्रन लीडर नमन अभिषेक ने भारतीय वायुसेना के शक्तिशाली चिनूक हेलिकाप्टर की कमान संभाली। वाराणसी में आयोजित भव्य एयर शो में उन्होंने हेलिकाप्टर का कुशल संचालन कर अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में उनका प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र बना।
गंगा के करीब पहुंचकर किया प्रणाम
प्रदर्शन के दौरान नमन अभिषेक चिनूक हेलिकाप्टर को गंगा नदी की सतह के करीब ले गए और मां गंगा को सादर प्रणाम किया। हेलिकाप्टर के इस अंदाज ने वहां मौजूद लोगों को रोमांचित कर दिया। यह दृश्य भारतीय वायुसेना के पायलटों के कौशल और आत्मविश्वास को भी दर्शाता है।
गांव में खुशी, परिवार को गर्व
नमन की उपलब्धि की जानकारी मिलने के बाद हसना गांव के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने अपने प्रदर्शन से पूरे गायघाट क्षेत्र का मान बढ़ाया है। माता-पिता सहित परिवार के लोग भी उनकी सफलता से बेहद खुश हैं।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा
नमन अभिषेक की उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनकी सफलता बताती है कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण के दम पर छोटे गांव से निकलकर भी देश की सेवा में बड़ी पहचान बनाई जा सकती है।
