दरभंगा समेत उत्तर बिहार के 3 जिलों में 21 नवंबर से चलेंगी 50 इलेक्ट्रिक बसें, एक चार्ज में तय करेंगी 180 KM
दरभंगा सहित उत्तर बिहार के तीन जिलों में 21 नवंबर से इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने वाली है, जिसके लिए 50 बसें तैयार हैं।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
दरभंगा सहित उत्तर बिहार में इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होगी।
21 नवंबर से 50 इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन होगा।
चार्जिंग स्टेशन निर्माण में देरी से सेवा में विलंब की आशंका।
रतन झा, दरभंगा। दरभंगा सहित उत्तर बिहार के तीन जिलों के यात्रियों को जल्द ही इलेक्ट्रिक बस सेवा की सुविधा मिलने वाली है। आगामी 21 नवंबर को इस सेवा के शुभारंभ की तैयारी है।
इसके लिए 50 इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था की गई है। इसे लेकर कादिराबाद बस स्टैंड परिसर में चार्जिंग स्टेशन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
हालांकि, रफ्तार काफी धीमी है। ऐसे में निर्धारित समय पर विलंब से सेवा शुरू होने को लेकर आशंका व्यक्त की जा रही है। निर्माण कार्य में देरी के कारण संवेदक की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है।
बताया गया कि परिचालन होने वाली इलेक्ट्रिक बसों की लंबाई नौ और 12 मीटर होगी। एक बार पूरी तरह चार्ज होने पर ये बसें करीब 180 किलोमीटर तक चल सकेंगी।
इनका परिचालन दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर सहित उत्तर बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में किया जाएगा। कुशेश्वरस्थान, कुनौली, मधुबनी, जयनगर और बेगूसराय तक भी बस सेवा शुरू करने की योजना है।
बन रहा चार्जिंग स्टेशन
इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था मिलेगी। फिलहाल भागलपुर, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया में चार्जिंग स्टेशन का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि दरभंगा में काम अधूरा है।
पथ परिवहन विभाग के बस स्टैंड प्रतिष्ठान अधीक्षक राजीव नयन ने बताया कि चार्जिंग स्टेशन परिसर में साफ-सफाई और ढलाई का काम होना शेष है। । उन्होंने उम्मीद जताई कि एक माह के भीतर चार्जिंग स्टेशन तैयार हो जाएगा।
वहीं, संवेदक स्वास्तिक दुबे का कहना है कि उन्हें मई महीने में बिजली उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ। अब एक माह के भीतर ढलाई सहित चार्जिंग स्टेशन का काम पूरा करने की तैयारी है।
यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: छठ पर दरभंगा, बरौनी और रक्सौल के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, कई गाड़ियां रहेंगी रद