दरभंगा के सहसराम में बुजुर्ग महिला की हत्या, बैंक से रुपये निकालने के बाद हुई वारदात
दरभंगा के बिरौल थाना क्षेत्र के सहसराम गांव में शुक्रवार रात 50-55 वर्षीय चमेली देवी की हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

ग्रामीणों से घटना के बारे में पूछताछ करती पुलिस।
संवाद सहयोगी, बिरौल (दरभंगा)। Darbhanga Woman Murder: बिरौल थाना क्षेत्र के सहसराम गांव में शुक्रवार की रात 50 से 55 वर्षीय चमेली देवी की हत्या कर दी गई।
शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान गांव निवासी रामनरेश चौधरी की पत्नी के रूप में हुई है।
घर में अकेली रहती थीं
चमेली देवी गांव स्थित अपने घर में अकेली रहती थीं। उनके पति रामनरेश चौधरी और दोनों बेटे मंजीत चौधरी व माधव चौधरी रोजगार के सिलसिले में दिल्ली में रहते हैं। पुलिस के अनुसार, महिला का शव घर के बरामदे में चौकी पर पड़ा मिला, जबकि घर का ताला टूटा हुआ था।
बैंक से निकाले थे रुपये
ग्रामीणों के मुताबिक, चमेली देवी ने शुक्रवार को एसबीआई की सहसराम शाखा से रुपये निकाले थे। इसके बाद रात में उनकी हत्या कर दी गई। इसी घटनाक्रम के आधार पर चोरी या लूटपाट की आशंका जताई जा रही है।
मंदिर नहीं पहुंचने पर जानकारी
हालांकि, हत्या के कारणों और बैंक से निकाली गई रकम की स्थिति को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि चमेली देवी प्रतिदिन सुबह करीब चार बजे पास के मंदिर में पूजा करने जाती थीं।
शनिवार को उनके मंदिर नहीं पहुंचने पर साथ जाने वाली एक महिला उनके घर पहुंची, जहां शव मिलने के बाद ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी और थानाध्यक्ष चंद्रमणि पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल टीम को भी सूचना देकर बुलाया गया है।
थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि हत्या के कारणों, घर का ताला टूटने और बैंक से निकाली गई रकम से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
