विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 29, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Darbhanga To Mumbai Flight: दूसरे दिन भी कैंसिल रही स्‍पाइसजेट की मुंबई की फ्लाइट, यात्रियों ने किया हंगामा

Published: Mon, 29 Jul 2024 08:25 PM (IST)

Darbhanga News दरभंगा एयरपोर्ट से मुंबई जाने वाले यात्रियों की परेशानियां खत्‍म होने का नाम नहीं ले रही है। दूसरे ...और पढ़ें

स्‍पाइसजेट की दरभंगा-मुंबई फ्लाइट सोमवार को भी कैंसि‍ल हो गई। (फाइल फोटो)
स्‍पाइसजेट की दरभंगा-मुंबई फ्लाइट सोमवार को भी कैंसि‍ल हो गई। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. विदेश जाने वाले यात्री कोलकाता, हैदराबाद की फ्लाइट में टिकट बुक कराकर हुए रवाना
  2. यात्रियों ने करीब एक घंटे तक विमान सेवा कंपनी स्‍पाइसजेट के खिलाफ हंगामा किया
  3. परेशान यात्री बोले- स्‍पाइसजेट ने फ्लाइट रद होने की सूचना पहले से नहीं दी

संवाद सहयोगी, दरभंगा। दरभंगा एयरपोर्ट से सोमवार को आठ विमानों से 966 यात्रियों ने आवागमन किया। लगातार दूसरे दिन भी मुंबई की फ्लाइट स्पाइसजेट एसजी 115 रद रही। फ्लाइट रद होने की सूचना विमानन कंपनी की ओर से यात्रियों को पहले से नहीं दी गई थी।

मुंबई की फ्लाइट पकड़ने सुबह नौ बजे तक सभी यात्री दरभंगा एयरपोर्ट पर पहुंच गए। उसके बाद फ्लाइट रद होने की सूचना जैसी ही मिली, उनमें आक्रोश फैल गया। यात्रियों ने करीब एक घंटे तक विमान सेवा के खिलाफ हंगामा किया।

कुछ यात्र‍ियों ने कोलकाता और हैदराबाद की फ्लाइट पकड़ी

सऊदी अरब, कतर, दुबई जाने वाले यात्रियों को आनन फानन में कोलकाता, हैदराबाद की फ्लाइट में टिकट बुक कराकर रवाना होना पड़ा। वहीं अन्य यात्री निराश होकर लौट गए।

दरभंगा के सझुआर नारहटोली निवासी चंदन महतो ने स्पाइसजेट कंपनी की सेवा के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि किसी माध्यम से विमानन कंपनी द्वारा फ्लाइट रद होने की सूचना नहीं मिलती है।

बताया कि 25 जुलाई को भी दरभंगा से मुंबई का फ्लाइट बुक था। उस दिन भी ऐसी ही स्थिति रही। सोमवार सुबह आठ बजे दरभंगा एयरपोर्ट पर पहुंच गए। एक घंटे बाद फ्लाइट रद होने की जानकारी मिली। मुंबई में बिल्डर कंपनी में जाब करते हैं।

स्‍पाइसजेट ने नहीं दिया लिखि‍त आश्‍वासन

कंपनी की तरफ से 25 जुलाई को पहुंचने का आदेश आया था। फ्लाइट रद होने पर 29 जुलाई का समय दिया गया। अब एक अगस्त का समय मिला है। स्पाइसजेट के अधिकारी से लिखित आश्वासन मांग रहा था, किसी ने कोई उत्तर नहीं दिया।

पहले दिन एक हजार रुपये खर्च कर वापस लौटना पड़ा। दूसरे दिन भी एक हजार रुपये खर्च करने के साथ साथ समय बर्बाद कर वापस लौटना पड़ रहा है। टिकट के पैसा वापसी की भी कोई निश्चित समय सीमा नहीं है। नौ हजार में टिकट बुक कराया था। समय से नहीं पहुंचने पर कंपनी जॉब से निकाल देगी तो कैसे पूरे परिवार का जीवन यापन करेंगे।

दरभंगा के सकरी निवासी चंदन कुमार साहू ने बताया कि जब बोर्डिंग पास मांगने गए तब फ्लाइट रद होने की सूचना प्राप्त हुई है। कहा कि मुंबई में एड पिक्चर में शूटिंग का काम करता हूं। आज जाना जरूरी है।

फ्लाइट रद होने पर आनन फानन में हैदराबाद का टिकट बुक कराकर जाना पड़ रहा है। 7,400 में दरभंगा से मुंबई का टिकट बुक था। अब पांच हजार हजार अधिक चुकाकर 12,284 रुपये में हैदराबाद की फ्लाइट से सफर करना पड़ रहा है।

ये फ्लाइट्स भी हुई लेट

इधर, कोलकाता से दरभंगा आनेवाली इंडिगो 6ई7234 निर्धारित समय 12.15 से 35 मिनट विलंब से पहुंची। दिल्ली से दरभंगा आनेवाली पहली स्पाइसजेट एसजी 8476 निर्धारित समय 12.45 से 14 मिनट विलंब से पहुंची।

हैदराबाद से दरभंगा आनेवाली इंडिगो 6ई537 निर्धारित समय 2.25 से 13 मिनट पहले पहुंच गई। दिल्ली से दरभंगा आनेवाली दूसरी स्पाइसजेट एसजी 8495 निर्धारित समय 3.15 से 17 मिनट पहले पहुंच गई।

यह भी पढ़ें - 

Darbhanga Aiims: किस जगह बनेगा दरभंगा एम्स? हो गया फाइनल; एयरपोर्ट से होगी 17 किलोमीटर की दूरी

Bhagalpur Airport: भागलपुर एयरपोर्ट से उड़ेगा 36 सीटर हवाई जहाज, कोलकाता और पटना जाना होगा आसान