दरभंगा में पंचायत चुनाव से पहले वोटर लिस्ट में होगा सुधार, नए नाम जोड़ने और मृत मतदाताओं को हटाने की तैयारी
दरभंगा में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन विभाग 5 और 6 दिसंबर को विशेष शिविर आयोजित करेगा। इन शिविरों में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत या अपात्र लोगों के नाम हटाने और सूची में सुधार करने पर जोर दिया जाएगा।

मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर सोमवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते एसडीओ शशांक राज व अन्य। जागरण
संवाद सहयोगी, बिरौल (दरभंगा)। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और एक भी योग्य मतदाता को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं रखने के लिए निर्वाचन विभाग ने तैयारी तेज कर दी है।
इसी कड़ी में सोमवार को अनुमंडल मुख्यालय स्थित सभागार में एसडीओ शशांक राज की अध्यक्षता में 78 कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर आयोजित बैठक में एसडीओ ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए अब तक आयोजित दो शिविरों में कुल 778 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 483 आवेदन नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, 125 नाम हटाने तथा 170 मतदाता सूची में त्रुटि सुधार से संबंधित हैं।
एसडीओ ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आगामी पांच और छह दिसंबर को विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। यहां बीएलओ मौजूद रहकर मतदाताओं से आवेदन प्राप्त करेंगे।
विशेष रूप से नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, मृत एवं अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों को सुधारने पर जोर रहेगा।उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को सक्रिय करने की अपील की।
कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में सभी की भागीदारी जरूरी है, ताकि मतदाता सूची में किसी मृत व्यक्ति का नाम दर्ज नहीं रहे और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल होने का अवसर मिले।
बैठक में अवर निर्वाचन पदाधिकारी राजीव कुमार, बिरौल बीडीओ प्रदीप कुमार झा, कुशेश्वरस्थान बीडीओ चंदन कुमार, कुशेश्वरस्थान पूर्वी बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा, भाजपा के पंकज कुमार झा, सीपीएम के रघु झा, लोजपा के गोविंद आचार्य, कांग्रेस के आलोक कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।