विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा के जाले में दुकानदार को मारी गोली, पिस्टल के बट से पुत्र का फोड़ा सिर

Published: Thu, 19 Nov 2026 03:36 PM (IST)

दरभंगा के जाले थाना क्षेत्र के धमाद चौक पर अपराधियों ने एक दुकानदार सुनील सहनी को गोली मार दी और ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. दुकानदार सुनील सहनी को गोली लगी, बेटा सुजीत घायल।

  2. पुलिस ने दो खोखे, बाइक बरामद की, दो संदिग्ध हिरासत में।

  3. ग्रामीणों ने अवैध शराब धंधे के खिलाफ सड़क जाम की।

संवाद सहयोगी, जाले (दरभंगा)। थाना क्षेत्र के धमाद चौक पर गुरुवार को दिनदहाड़े करीब 11 बजे अपराधियों ने एक जनरल स्टोर सह पान दुकानदार को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।

वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे दुकानदार के पुत्र के सिर पर पिस्टल के बट से प्रहार कर लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद चौक पर अफरातफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जाले पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डीएमसीएच रेफर कर दिया गया।

घायलों की पहचान धमाद चौक के दुकानदार अकलू सहनी के पुत्र सुनील सहनी (40) तथा उनके पुत्र सुजीत सहनी (21) के रूप में हुई है। सीएचसी के ड्यूटी चिकित्सक डा. पंकज कुमार ने बताया कि सुनील सहनी के पेट के दाहिने हिस्से में गोली लगी है, जो आर-पार हो गई है।

वहीं उनके पुत्र सुजीत के सिर में पिस्टल के बट से चोट लगी है। दोनों की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच भेजा गया है।घटना की सूचना मिलते ही जाले थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।

घटनास्थल से पिस्टल के दो खोखे बरामद किए गए हैं। इसके अलावा हमलावरों की बताई जा रही दो रेसिंग बाइक भी मौके पर लावारिस हालत में मिली है। इनमें एक बाइक का नंबर बीआर 07 बीएन 8560 तथा दूसरी का नंबर बीआर 07 एयू 8643 है।

पुलिस ने मौके से दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने धमाद चौक पर टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया।

प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि गोलीबारी में शामिल अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए। ग्रामीणों ने चौक पर कथित रूप से अवैध शराब और गांजा समेत अन्य नशीले पदार्थों के धंधा का भी आरोप लगाया।

उनका कहना था कि लंबे समय से इस तरह का धंधा चल रहा है, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।ग्रामीणों ने समधिनियां गांव निवासी तेज नारायण साह पर किराना दुकान की आड़ में कथित रूप से बड़े पैमाने पर शराब का धंधा करने का आरोप लगाया।

इस धंधे में रुपये की वसूली उनका पुत्र सुधीर साह उर्फ माफिया करता है। इस मुद्दे को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद और तनातनी चल रही थी। ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार को दो रेसिंग बाइक पर सवार होकर पहुंचे हमलावरों ने फायरिंग कर घटना को अंजाम दिया।

हालांकि, घटना के कारणों और आरोपों की पुलिस स्तर पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सदर एसडीपीओ टू शुभेंदु कुमार सुमन ने प्रभारी थानाध्यक्ष दीप शिखा के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की पड़ताल की और सड़क जाम कर रहे आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। बताया कि पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- बिहार से गोरखपुर में बेचने जा रहा था दो रिवॉल्वर और चार कारतूस, पुलिस ने दबोचा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।