विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में नशे का ऐसा खेल, बेटे की पूरी संपत्ति की करा ली रजिस्ट्री, फिर छपरा में बना लिया बंधक

Published: Mon, 09 Nov 2026 08:42 PM (GMT+05:30)

दरभंगा में एक युवक को नशा खिलाकर उसकी पारिवारिक संपत्ति की रजिस्ट्री करा ली गई और फिर उसे छपरा ले ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

जागरण संवाददाता, दरभंगा। नशा खिलाकर जमीन की रजिस्ट्री कराने, मारपीट कर युवक को अगवा करने और छपरा ले जाकर बंधक बनाने का मामला सामने आया है।

बहादुरपुर थाना क्षेत्र के रामपुर मदन गांव निवासी प्रतिमा झा के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। उन्होंने गांव के जीवन कुमार झा, कबिलपुर निवासी संतोष कुमार पासवान उर्फ ब्लास्टर, लहेरियासराय स्थित गुल्टेनी स्कूल के प्रधानाध्यापक संजीव कुमार मिश्रा समेत कई लोगों को आरोपित किया है।

प्रतिमा झा के अनुसार, उनका 24 वर्षीय बड़ा बेटा भागीरथ झा नशे का आदी है। दो नवंबर की सुबह वह लहेरियासराय बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था। आरोप है कि लोगों ने उसे अपने कब्जे में लेकर नशीला पदार्थ खिलाया और दरभंगा निबंधन कार्यालय ले गए।

वहां परिवार की पूरी संपत्ति से जुड़े चार-पांच केवाला करा लिए गए, जिनमें उनके छोटे ससुर की जमीन भी शामिल है। रजिस्ट्री के बाद आरोपित भागीरथ को अपने साथ ले गए।

काफी खोजबीन के बाद चचेरे देवर राघव झा ने उसके मोबाइल पर संपर्क किया तो भागीरथ ने रोते हुए बताया कि उसे नशा खिलाकर पीटा गया और धमकी देकर जमीन की रजिस्ट्री कराई गई। उसने छपरा में बंधक बनाए जाने की बात भी कही। प्रतिमा झा ने बेटे की हत्या की आशंका जताई है।

आवेदन में उन्होंने अपने पति नंदलाल झा के 14-15 वर्ष पहले लापता होने का मामला भी उठाया। उनका आरोप है कि पति से भी एग्रीमेंट और केवाला लिखवाने के बाद उन्हें गायब कर दिया गया था। उन्हें आशंका है कि दोनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह हो सकता है।

शुरुआती जांच में जमीन की रजिस्ट्री होने की बात सामने आई है। भागीरथ की बरामदगी नहीं हुई है और उसका मोबाइल बंद है। आगे की कार्रवाई के लिए छापेमारी जारी है।

    - प्रसुंजय कुमार, थानाध्यक्ष।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में इनके लिए गरीबों की दुआ ही सबसे बड़ी फीस, मुफ्त पैरवी से दिला रहे न्याय

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।