दरभंगा में करवाचौथ पर पत्नी से मिलने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, ट्रक ने मारी थी ठोकर
दरभंगा में करवाचौथ पर पत्नी से मिलने ससुराल जा रहे संतोष राम की सड़क हादसे में मौत हो गई। ट्रक ...और पढ़ें

पोस्टमार्टम परिसर में हादसे की जानकारी देते स्वजन। फोटो सौ. जागरण
HighLights
करवाचौथ पर पत्नी से मिलने जा रहा था युवक।
दरभंगा में ट्रक की टक्कर से गंभीर घायल।
इलाज के दौरान संतोष राम की मौत।
संवाद सहयोगी, दरभंगा। Darbhanga Road Accident: करवाचौथ व्रत पर चांद के साथ अपना चेहरा दिखाने का वादा निभाने ससुराल जा रहे युवक की सड़क हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान शुक्रवार रात मौत हो गई।
मृतक की पहचान कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर वार्ड नंबर 13 निवासी सूरज राम के पुत्र संतोष राम (28) के रूप में हुई है। संतोष पलंबर का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
देकुली चौक पर हादसा
बताया गया कि संतोष की पत्नी अपने मायके समस्तीपुर के शिवाजी नगर गई हुई थी। 29 अक्टूबर को उसने करवाचौथ का व्रत रखा था। पत्नी से किए वादे के अनुसार संतोष चांद के साथ अपना चेहरा दिखाने के लिए बाइक से ससुराल जा रहा था।
ट्रक की ठोकर से घायल
इसी दौरान कुशेश्वरस्थान-सिंघिया-समस्तीपुर सड़क पर देकुली चौक के निकट एक ट्रक ने उसकी बाइक में ठोकर मार दी और फरार हो गया।
हादसे में संतोष गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस ने उसे बहेड़ी पीएचसी में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
डीएमसीएच में तोड़ा दम
इसके बाद स्वजन संतोष का इलाज डीएमसीएच में करा रहे थे, जहां शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची बेंता पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव स्वजन को सौंप दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
दो छोटे बच्चों का सहारा
मृतक के चाचा बहुरन राम ने बताया कि संतोष की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। उसके तीन वर्षीय पुत्री और तीन माह का दुधमुंहा पुत्र है। संतोष की मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
बहुरन राम ने प्रशासन और सरकार से पीड़ित परिवार को जल्द मुआवजा देने की पहल करने की मांग की है। परिवार के अनुसार संतोष ही अपने काम से घर का खर्च चलाता था और उसकी मौत से परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।