विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में खाद के नाम पर किसानों की जेब पर डाका, डीएपी दो हजार तो यूरिया 400 रुपये बोरी

Published: Mon, 23 Nov 2026 04:14 PM (IST)

दरभंगा के कुशेश्वरस्थान में किसानों को डीएपी और यूरिया सरकारी दर से काफी अधिक कीमत पर मिल रहा है, जिससे उनकी खेती की लागत बढ़ रही है। किसान मजबूरी में अधिक दाम चुका रहे हैं।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. किसानों को डीएपी और यूरिया महंगे दामों पर मिल रहा है।

  2. सरकारी दर से सैकड़ों रुपये अधिक वसूली से किसान परेशान।

  3. लिखित शिकायत मिलने पर होगी खाद विक्रेताओं पर कार्रवाई।

संवाद सहयोगी, कुशेश्वरस्थान (दरभंगा)। रबी की खेती के मौसम में किसानों को खाद के लिए सरकारी दर से कहीं अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। दरभंगा के दोनों प्रखंडों में खाद विक्रेताओं की मनमानी के आगे सरकारी मूल्य बेअसर नजर आ रहा है।

किसान डीएपी की एक बोरी के लिए दो हजार रुपये और यूरिया के लिए 400 रुपये तक भुगतान करने को मजबूर हैं। खाद की बढ़ती मांग के बीच खुलेआम हो रही अधिक कीमत की वसूली से किसानों की खेती की लागत बढ़ रही है। वहीं, अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से किसानों में नाराजगी है।

सरकारी दर से सैकड़ों रुपये अधिक वसूली

सरकार की ओर से डीएपी की कीमत 1350 रुपये और यूरिया की कीमत 266 रुपये प्रति बोरी निर्धारित है। इसके बावजूद दोनों प्रखंडों में खाद विक्रेता डीएपी 1950 से दो हजार रुपये और यूरिया 350 से 400 रुपये प्रति बोरी बेच रहे हैं।

इस तरह डीएपी पर 650 रुपये और यूरिया पर 134 रुपये तक अतिरिक्त वसूली की जा रही है। निर्धारित मूल्य से इतनी अधिक कीमत वसूले जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से किसानों में आक्रोश है।

मजबूरी में अधिक कीमत देकर खरीद रहे खाद

रबी फसलों की खेती में डीएपी और यूरिया की जरूरत अधिक होती है। इन दिनों खाद की मांग बढ़ने का फायदा उठाकर विक्रेता किसानों से मनमानी कीमत वसूल रहे हैं। खेती के लिए खाद जरूरी होने के कारण किसान विरोध करने के बजाय अधिक कीमत देकर खरीदने को मजबूर हैं।

बड़गांव के किसान राम प्रताप पंडित, बलहा के राणा जवाहर सिंह और छोटकी कोनिया के रामाकांत मुखिया ने बताया कि उन्हें डीएपी दो हजार रुपये और यूरिया 400 रुपये प्रति बोरी खरीदना पड़ा।

अधिक कीमत लेने पर दुकानदारों का कहना है कि थोक विक्रेता भी उन्हें महंगे दाम पर खाद उपलब्ध करा रहे हैं। इसलिए उन्हें भी अधिक कीमत वसूलनी पड़ रही है।

जनप्रतिनिधि ने भी की शिकायत

इस मामले में प्रखंड 20 सूत्री उपाध्यक्ष सह भाजपा मंडल अध्यक्ष घनश्याम चौधरी ने बताया कि हिरणी गांव के एक खाद विक्रेता ने उन्हें डीएपी 1900 रुपये और यूरिया 400 रुपये प्रति बोरी की दर से उपलब्ध कराया है। उन्होंने इसकी शिकायत प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनुभव राज से की है। साथ ही खाद विक्रेताओं की बैठक बुलाकर उन्हें सरकारी निर्धारित दर पर खाद बिक्री करने का निर्देश देने की मांग की है।

लिखित शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई

पूर्वी बीएओ स्नेहिल कुमार वत्स एवं कुशेश्वरस्थान के बीएओ अनुभव राज ने बताया कि अभी तक किसी ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। लिखित शिकायत मिलने पर संबंधित खाद विक्रेता के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- बिहार के मखाना बीज से UP के खेतों में आएगी बहार, किसानों को मिलेगा खेती का नया विकल्प

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।