कुशेश्वरस्थान में ई रिक्शा पलटने से किराना दुकानदार की मौत, छठ की खुशियां मातम में बदलीं
Darbhanga E Rickshaw Accident: दरभंगा के कुशेश्वरस्थान में छठ महापर्व के दौरान एक ई-रिक्शा पलटने से 32 वर्षीय किराना दुकानदार ...और पढ़ें

अलौली थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव स्थित डेयरी फार्म के सामने ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
संवाद सहयोगी, कुशेश्वरस्थान (दरभंगा)। Chhath Festival Tragedy Bihar: जिले के कुशेश्वरस्थान में छठ महापर्व की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
तिलकेश्वर-खगड़िया मार्ग पर शुक्रवार की सुबह ई-रिक्शा पलटने से उसके नीचे दबकर 32 वर्षीय किराना दुकानदार की मौत हो गई।
मृतक की पहचान कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के तेगच्छा गांव निवासी राजीव राय के रूप में हुई है। हादसे के बाद पत्नी मुन्नी देवी और उनके दो मासूम बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सामान लेकर लौट रहे थे घर
जानकारी के अनुसार, राजीव गुरुवार की शाम अपनी किराना दुकान के लिए सामान खरीदने खगड़िया बाजार गए थे। रात में किराना का सामान खरीदने के बाद शुक्रवार की सुबह उन्होंने सब्जी मंडी से दुकान में बिक्री के लिए सब्जियां भी खरीदीं। इसके बाद सभी सामान को ई-रिक्शा पर लादकर घर लौट रहे थे।
इसी दौरान अलौली थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव स्थित डेयरी फार्म के सामने ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे राजीव सामान से लदे ई-रिक्शा के नीचे दब गए।
नहीं बच सकी जान
ई-रिक्शा चालक के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने किसी तरह ई-रिक्शा को सीधा कर उसके नीचे दबे राजीव को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
हादसे की सूचना मिलने पर स्वजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद शव को लेकर गांव लौटे। राजीव का शव घर पहुंचते ही पत्नी मुन्नी देवी की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया।
वह पति के शव से लिपटकर बार-बार बेसुध हो जा रही थीं। उनका विलाप सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
मासूम के सिर से उठा पिता का साया
राजीव गांव में ही छोटी-सी किराना और सब्जी की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दो मासूम बेटों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा छिन जाने से पत्नी और बच्चों के सामने भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है। स्वजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे हैं।
यह भी पढ़ें- जहानाबाद सड़क हादसा: हार्वेस्टर से टकराया इंजीनियरिंग छात्रों से भरा ऑटो, 2 की मौत और 8 घायल