Diwali 2026 : आसमान में आतिशबाजी और जमीन पर दीपों की कतार, दीपावली पर देखते ही बन रही दरभंगा की छटा
Darbhanga Diwali Celebration : दीपावली के अवसर पर दरभंगा रोशनी और उल्लास से जगमगा उठा। लोगों ने घरों को दीपों, ...और पढ़ें

Diwali Festival in Darbhanga : दरभंगा में दीपों की झिलमिल रोशनी, रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया। जागरण
HighLights
दरभंगा में दीपों और रंगोली से सजे घर-आंगन
लक्ष्मी-गणेश पूजा के बाद आतिशबाजी का दिखा उत्साह
बाजारों और मंदिरों में भी दिखी दीपावली की रौनक
डिजिटल डेस्क, दरभंगा। दीपों की झिलमिल रोशनी, रंग-बिरंगी झालरों की चमक और घर-आंगन में सजे खूबसूरत रंगोली के नजारे। चारों तरफ उल्लास और उमंग का माहौल।
दीपावली पर रविवार की शाम दरभंगा का कोना-कोना रोशनी से जगमगा उठा। शहर की गलियों से लेकर मुख्य सड़कों तक दीपों की कतारें नजर आईं। घरों की चौखट, छत, बालकनी और आंगन में जलते मिट्टी के दीयों ने ऐसा मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया कि पूरा शहर दीपोत्सव के रंग में रंगा दिखा।
घरों के साथ बाजार, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और मंदिर भी आकर्षक रोशनी से जगमगाते रहे। कहीं रंगीन बिजली की झालरों ने लोगों का ध्यान खींचा तो कहीं मिट्टी के दीयों की कतारों ने पारंपरिक दीपावली की खूबसूरती बिखेरी।
शाम होते ही लोगों ने विधि-विधान से धन की देवी मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। परिवार के सदस्यों ने सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद बच्चों और युवाओं में आतिशबाजी को लेकर खास उत्साह दिखा। आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी बिखेरते पटाखों ने पर्व की रौनक और बढ़ा दी।

दीयों की रोशनी से खिल उठा घर-आंगन
दीपावली पर लोगों ने अपने घरों को खास अंदाज में सजाया। मुख्य द्वार पर रंगोली, फूलों की सजावट और मिट्टी के दीयों की कतारें आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। कई घरों में मिथिला पेंटिंग की थीम पर रंगोली बनाई गई।
महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक अल्पना और रंगोली से आंगन को सजाया। बच्चों ने भी दीप जलाने और घरों को सजाने में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शहर के कई मोहल्लों में एक साथ जलते दीयों का दृश्य बेहद खूबसूरत नजर आया।
बाजारों की रौनक ने बढ़ाया उत्साह
दीपावली की पूर्व संध्या पर शनिवार को बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी थी। बाकरगंज, चट्टी रोड, राजकुमारगंज, टावर चौक, मिर्जापुर, सैदनगर और लहेरियासराय गुदरी बाजार में मिट्टी के दीये, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं, मिठाई, खील-बताशे, लावा और पूजन सामग्री की खूब बिक्री हुई। कपड़ों और सजावटी सामान की दुकानों पर भी देर शाम तक भीड़ रही।
मंदिरों में भी दिखी दीपावली की छटा
शहर के प्रमुख मंदिरों को भी रंगीन रोशनी से सजाया गया। मां श्यामा मंदिर, मनोकामना मंदिर, लहेरियासराय पुलिस लाइन स्थित हनुमान मंदिर और सैदनगर स्थित काली मंदिर में आकर्षक सजावट की गई।
बलभद्रपुर और बेंता सहित विभिन्न मोहल्लों में काली पूजा की भी तैयारियां पूरी रहीं। मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में दीपों की रोशनी ने भक्तिमय माहौल बना दिया।
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही सतर्क
दीपावली को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई गई। प्रमुख काली मंदिरों में दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई। बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी पुलिसकर्मी सतर्क रहे। इस तरह दीपों की रोशनी, पूजा-अर्चना, रंगोली और आतिशबाजी के बीच दरभंगा में दीपावली का उल्लास छाया रहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।