दरभंगा में कर्ज के बोझ और तकादे के दबाव ने छीन ली 56 वर्षीय सुरेश की जिंदगी
दरभंगा के बहेड़ी में 56 वर्षीय सुरेश साह ने कर्ज के दबाव और निजी फाइनेंस कंपनियों की धमकियों से परेशान ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
कर्ज और तकादे से परेशान सुरेश साह ने की आत्महत्या।
निजी फाइनेंस कंपनियों के दबाव और धमकियों का आरोप।
एक ग्रामीण पर कर्ज की राशि जमा न करने का आरोप।
संवाद सहयोगी, बहेड़ी (दरभंगा)। कर्ज लेकर उसे चुकाने की चिंता और वसूली के लिए लगातार होने वाले तकादे का दबाव एक अधेड़ की जिंदगी पर भारी पड़ गया।
दरभंगा के बहेड़ी थाना क्षेत्र के हरहच्चा गांव में शनिवार की रात 56 वर्षीय सुरेश साह ने आम के पेड़ से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। रविवार की सुबह ग्रामीणों ने तेलिया पोखर गाछी में पेड़ से लटका उनका शव देखा तो गांव में सनसनी फैल गई। स्वजन का आरोप है कि निजी फाइनेंस कंपनियों के तकादे और धमकी से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
दो कंपनियों से लिया था कर्ज
मृतक की पहचान हरहच्चा गांव निवासी स्वर्गीय कृपाली साह के पुत्र सुरेश साह (56) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उन्होंने आईआईएफएल फाइनेंस लिमिटेड से 60 हजार रुपये और एक अन्य निजी फाइनेंस कंपनी से 80 हजार रुपये का ऋण लिया था।
बताया जाता है कि गांव के ही नरेश शर्मा ने उनसे रुपये लेकर दोनों कंपनियों का कर्ज चुकाने का भरोसा दिया था। हालांकि, आरोप है कि नरेश शर्मा ने ऋण की राशि जमा नहीं की। इसके बाद कंपनियों की ओर से बकाया राशि के लिए दबाव बनाया जाने लगा।
सुबह से घर से थे लापता
बताया जाता है कि ऋण की वसूली को लेकर कंपनी के कर्मियों ने सुरेश साह के घर पहुंचकर तकादा किया और धमकी भी दी थी। इससे वह काफी परेशान थे। शनिवार की सुबह करीब नौ बजे वह घर से निकले थे। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर स्वजन उनकी तलाश में जुटे रहे। हालांकि, उनका कहीं पता नहीं चला।
गाछी में पेड़ से लटका मिला शव
शनिवार की रात उन्होंने तेलिया पोखर गाछी में आम के पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। रविवार की सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। इसके बाद गांव में इसकी सूचना फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
सूचना मिलने पर प्रभारी थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।