दरभंगा में मोबाइल की घंटी बजती रही, कॉल नहीं उठाया फिर भी खाते से उड़ गए 39,998 रुपये
दरभंगा के बिरौल में एक व्यक्ति के बैंक खाते से बिना कॉल रिसीव किए या कोई जानकारी साझा किए 39,998 रुपये की साइबर ठगी हो गई। पीड़ित ने बैंक और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

दरभंगा में साइबर ठगी का अनोखा मामला। (AI-जनरेटेड तस्वीर)
HighLights
बिरौल में व्यक्ति के खाते से 39,998 रुपये की ठगी।
बिना कॉल रिसीव किए या ओटीपी साझा किए निकासी।
पीड़ित ने बैंक और बिरौल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
संवाद सहयोगी, बिरौल (दरभंगा)। साइबर ठगी का ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें न किसी अनजान व्यक्ति से बातचीत हुई, न ओटीपी या यूपीआई पिन साझा किया गया और न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया गया। इसके बावजूद बैंक खाते से 39,998 रुपये निकल गए।
मोबाइल पर आई एक कॉल को रिसीव नहीं करना भी पीड़ित को साइबर ठगी से नहीं बचा सका। खाते से रुपये कटने का मैसेज मिलते ही उनके होश उड़ गए।
कॉल नहीं उठाया, फिर भी खाते से निकले रुपये
मामला बिरौल थाना क्षेत्र के साहो गांव के नवभरण टोला निवासी संतोष कुमार सिंह से जुड़ा है। पीड़ित के अनुसार, 28 नवंबर को उनके मोबाइल पर 1600100100 नंबर से कॉल आया था। उन्होंने किसी कारणवश कॉल रिसीव नहीं किया। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर बैंक खाते से रुपये कटने का संदेश आया।
यूपीआई से हुई 39,998 रुपये की निकासी
मैसेज देखने के बाद संतोष कुमार सिंह ने बैंक खाते की जांच की। इसमें यूपीआई के माध्यम से 39,998 रुपये की निकासी की जानकारी मिली। अचानक खाते से इतनी बड़ी राशि निकलने पर वह परेशान हो गए। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने न तो किसी को ओटीपी बताया था और न ही यूपीआई पिन साझा किया था।
बैंक और पुलिस से लगाई गुहार
घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल बैंक को इसकी सूचना देकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद बिरौल थाने में लिखित आवेदन देकर साइबर ठगी में शामिल लोगों की पहचान करने, ठगी की राशि वापस कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
थाने में आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बिना कॉल रिसीव किए और कोई गोपनीय जानकारी साझा किए खाते से रुपये की निकासी कैसे हुई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।