दरभंगा में बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने की तोड़फोड़
दरभंगा के बिरौल में बस की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप ...और पढ़ें
संवाद सहयोगी, बिरौल (दरभंगा)। Darbhanga Road Accident: दरभंगा के बिरौल में शनिवार दोपहर बस की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा बिरौल-शिवनगर घाट एसएच-56 पर सिसौनी मोड़ के समीप करीब एक बजे हुआ। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और दुर्घटनाग्रस्त दरभंगा-केसरी बस को क्षतिग्रस्त कर दिया।
एक की मौत दूसरा घायल
मृतक की पहचान महमूदा गांव निवासी दिलीप यादव के पुत्र शिवम कुमार (20) के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक उसी गांव के प्रमोद पंडित का पुत्र दुर्गेश कुमार (19) है। घायल का उपचार बिरौल के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
आमने सामने हुई टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक बाइक से सुपौल बाजार की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान सिसौनी मोड़ से आगे विपरीत दिशा से आ रही दरभंगा-केसरी बस की चपेट में उनकी बाइक आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिवम कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल दुर्गेश को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने सड़क पर आवागमन बाधित कर बस परिचालन के खिलाफ विरोध जताया।
बस का लाइसेंस रद करने की मांग
आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त बस को क्षतिग्रस्त कर दिया। उनका आरोप था कि बस परिचालन में लापरवाही के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने दरभंगा-केसरी बस का लाइसेंस रद करने की मांग उठाई। सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराने के प्रयास में जुटी हुई थी।