दरभंगा में सड़क हादसे में BPSC अभ्यर्थी की मौत पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, मुख्य मार्ग जाम
दरभंगा में बहेड़ी-लहेरियासराय मुख्य सड़क पर कार-बाइक टक्कर में घायल बीपीएससी अभ्यर्थी राजीव कुमार मंडल की मौत हो गई। इससे ...और पढ़ें
HighLights
बहेड़ी में कार-बाइक टक्कर से युवक की मौत।
मृतक राजीव कुमार मंडल बीपीएससी अभ्यर्थी था।
ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क जाम कर विरोध जताया।
संवाद सहयोगी, दरभंगा। Darbhanga Road Accident: जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र में बहेड़ी-लहेरियासराय मुख्य सड़क पर दुबौली के समीप मंगलवार को कार और बाइक की टक्कर में घायल युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान दुबौली निवासी प्रेम कुमार मंडल के पुत्र राजीव कुमार मंडल (23) के रूप में हुई है। पटना ले जाने के दौरान रास्ते में मंगलवार की रात करीब 10 बजे उसने दम तोड़ दिया।
मौत से भड़का आक्रोश
राजीव की मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे से शव के साथ दुबौली गांव के समीप बहेड़ी-लहेरियासराय मुख्य पथ को जाम कर दिया। इस दौरान ग्रामीण प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए विरोध जता रहे हैं।
समझाने में जुटी पुलिस
सड़क जाम की सूचना पर अंचलाधिकारी रविकांत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारी आक्रोशित लोगों को समझाने और जाम समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं।
बताया जाता है कि दुर्घटना के बाद राजीव को डीएमसीएच ले जाया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया था।
दोस्त की हालत गंभीर
हादसे में घायल पवरा गांव निवासी महेंद्र सिंह के पुत्र प्रिंस कुमार (23) का उपचार दरभंगा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
राजीव और प्रिंस दोनों दोस्त थे और बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। दोनों एक ही बाइक से बहेड़ी बाजार स्थित लाइब्रेरी में पढ़ाई करने गए थे और वहां से घर लौट रहे थे।
तैयारी के दौरान हादसा
दुर्घटनाग्रस्त केटीना बाइक प्रिंस कुमार की बताई गई है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे दोनों युवकों के भविष्य को लेकर परिवारों ने कई उम्मीदें संजो रखी थीं।
राजीव की असमय मौत से स्वजन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं प्रिंस की गंभीर हालत को लेकर भी परिवार के लोग चिंतित हैं। हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं।