विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा के ईंट भट्ठे पर फंदे से लटका मिला मुजफ्फरपुर के जेसीबी चालक का शव, हत्या की आशंका

Published: Sat, 21 Nov 2026 05:37 PM (GMT+05:30)

दरभंगा के कमतौल थाना क्षेत्र में एक ईंट भट्ठे पर जेसीबी चालक राजबली दास का शव उसकी जेसीबी से लटका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जिसके बाद पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच कर रही है।

राजबली दास की फाइल फोटो।

राजबली दास की फाइल फोटो। 

HighLights

  1. दरभंगा के ईंट भट्ठे पर जेसीबी चालक का शव मिला।

  2. मृतक राजबली दास मुजफ्फरपुर जिले का निवासी था।

  3. परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की।

संवाद सहयोगी, दरभंगा/ जाले। Darbhanga JCB Driver Death: जिले के कमतौल थाना क्षेत्र के बरिऔल स्थित एक ईंट भट्ठे पर शनिवार को फंदे से लटका युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के सकरवारा गांव निवासी नागेश्वर दास के पुत्र राजबली दास (28) के रूप में हुई है।

वह ईंट भट्ठे पर जेसीबी चालक के रूप में काम करता था और उसका शव उसी जेसीबी से लटका मिला, जिसे वह चलाता था।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर कमतौल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल की जांच की और शव का जख्म प्रतिवेदन तैयार किया।

आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया।

रात में खाना खाकर सोया

पोस्टमार्टम परिसर में मृतक के भाई ललित दास ने बताया कि राजबली पिछले दो वर्षों से बरिऔल स्थित ईंट भट्ठे पर काम कर रहा था।

शुक्रवार की रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद वह सोने चला गया था। भट्ठे पर रात करीब दो बजे से ईंट बनाने का काम शुरू होता है, लेकिन शनिवार की सुबह तक जब वह अपने कार्यस्थल पर नहीं पहुंचा तो उसकी तलाश शुरू की गई।

जेसीबी से लटका मिला शव

खोजबीन के दौरान भट्ठे के सबसे किनारे वाले हिस्से में राजबली का शव उसी की जेसीबी से लटका मिला। भाई ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि राजबली की हत्या करने के बाद शव को जेसीबी से लटकाया गया है।

उन्होंने बताया कि उनका भाई कभी अपने पास गमछा नहीं रखता था, जबकि घटनास्थल पर दो-दो गमछे टंगे मिले हैं। इस आधार पर उन्होंने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।

परिवार के अनुसार, राजबली ने छह वर्ष पहले पटना निवासी करीना देवी से प्रेम विवाह किया था। उसके परिवार में दो वर्षीय पुत्र और छह माह की पुत्री है।

घटना के समय उसकी पत्नी अपने मायके पटना में थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

यह भी पढ़ें- मधुबनी में बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर युवक की हत्या, ईंट-भट्ठे के पास मिला अधजला शव; एक संदिग्ध हिरासत में

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।