उत्तर बिहार के युवाओं के लिए बड़ी सौगात, दरभंगा एयरपोर्ट पर खुलेगा पायलट प्रशिक्षण संस्थान
Darbhanga Airport Pilot Training- दरभंगा में कमर्शियल पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना के लिए रक्षा और नागर विमानन मंत्रालयों से ...और पढ़ें

दरभंगा एयरपोर्ट की फाइल फोटो।
HighLights
दरभंगा में कमर्शियल पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना को NOC मिली।
उत्तर बिहार के युवाओं को स्थानीय स्तर पर पायलट प्रशिक्षण मिलेगा।
एयरपोर्ट रनवे विस्तार, कार्गो हब विकास कार्य भी जारी।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। Commercial Pilot Institute Darbhanga: बिहार के दरभंगा जिले के लिए एक बार फिर बड़ी खुशखबरी सामने आई है।
एयरपोर्ट के शानदार सफर के बाद अब दरभंगा में कमर्शियल पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए रक्षा मंत्रालय और नागर विमानन मंत्रालय के मुख्यालय से आधिकारिक अनापत्ति प्रमाणपत्र यानी एनओसी मिल गई है।
सांसद और एयरपोर्ट सलाहकार समिति के चेयरमैन डॉ. गोपालजी ठाकुर ने इसे मिथिला और उत्तर बिहार के युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।
रोजगार के नए अवसर
इस नए संस्थान के खुल जाने से उत्तर बिहार के युवाओं को पायलट बनने का प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए महानगरों या दूसरे राज्यों में नहीं भटकना पड़ेगा।
विमानन क्षेत्र से जुड़े अन्य आयामों जैसे एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस, इंजीनियरिंग, ग्राउंड हैंडलिंग, सुरक्षा और विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं में भी स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए और बेहतरीन अवसर सृजित होंगे।
रनवे का होगा विस्तार
सांसद ने जानकारी दी कि आठ नवंबर 2020 को दरभंगा से विमान सेवा की शुरुआत हुई थी, जिसके बाद से लगातार विकास कार्य जारी हैं।
एयरपोर्ट के रनवे के विस्तार के लिए लगभग 90 एकड़ भूमि का अधिग्रहण का काम पूरा कर लिया गया है। इसके तहत रनवे की लंबाई को 9,000 फीट से बढ़ाकर 12,000 फीट किया जाएगा, जिससे बड़े विमानों के आवागमन में आसानी होगी।
कार्गो हब और लाजिस्टिक पार्क
इसके अलावा दरभंगा एयरपोर्ट के पास लगभग 49.99 एकड़ जमीन पर लॉजिस्टिक पार्क और कार्गो हब के विकास की योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। इसके लिए 225.91 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है।
इन तमाम परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से दरभंगा न केवल उड्डयन मानचित्र पर बल्कि व्यापारिक और आर्थिक रूप से भी एक बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा।
यह भी पढ़ें- दरभंगा एयरपोर्ट पर पहले बदला समय फिर अचानक रद हो गई दिल्ली की फ्लाइट