दरभंगा में 62 किलो चांदी लूटकांड में बंगाल के दो और गिरफ्तार, डस्टर कार भी जब्त
Darbhanga Silver Robbery Case: दरभंगा में 62 किलो चांदी लूटकांड की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ...और पढ़ें

दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए ले जाती पुलिस। जागरण
संवाद सहयोगी, सिंहवाड़ा (दरभंगा)। दरभंगा में 62 किलो चांदी लूटकांड की जांच में पुलिस को एक और सफलता मिली है। शोभन-एकमी बाईपास पर दरभंगा एम्स के समीप सात नवंबर की रात पश्चिम बंगाल के सराफा व्यवसायी से हुई लूट के मामले में पुलिस ने पश्चिम बंगाल के दो और लोगों को गिरफ्तार किया है।
सिमरी थाना पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, जिसमें दो की संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, पूछताछ के बाद दो अन्य लोगों को छोड़ दिया गया।
डस्टर कार भी जब्त
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दासपुर थाना क्षेत्र के उदयचौक निवासी उल्फत मलिक के 39 वर्षीय पुत्र मैदुल मलिक और गरबेता थाना क्षेत्र के अवुसाबंदी निवासी भगती पालुई के 22 वर्षीय पुत्र कौशिक पालुई के रूप में हुई है।
मैदुल मलिक को थाने से गिरफ्तार किया गया, जबकि कौशिक पालुई को सिमरी थाना क्षेत्र के बिठौली से डस्टर कार समेत पकड़ा गया। पुलिस ने व्यवसायियों के कब्जे से डस्टर कार संख्या WB08C8118 जब्त की है।
कई जिलों से जुटाते थे चांदी
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि घटना के दिन मैदुल मलिक और कौशिक पालुई डस्टर कार से दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सहरसा, मधुबनी और मधेपुर सहित विभिन्न इलाकों से चांदी एकत्र कर पश्चिम बंगाल जा रहे थे। दोनों लंबे समय से शिव शंकर मन्ना के लिए काम करते हैं।
पश्चिम बंगाल के दासपुर थाना क्षेत्र के बैकठपुर में शिव शंकर मन्ना की सराफा निर्माण की दुकान है। दोनों अलग-अलग स्थानों से चांदी का कच्चा माल एकत्र कर वहां पहुंचाते थे, जहां उससे विभिन्न तरह के आभूषण तैयार कर अलग-अलग जगहों पर भेजे जाते थे।
चांदी के कागजात नहीं मिले
थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त चांदी के संबंध में अब तक कोई कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया है। मामले में पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पूछताछ के बाद मोहम्मद महफूजुल्लाह मलिक और शिव शंकर मन्ना को छोड़ दिया गया है। पुलिस के अनुसार, लूटकांड की साजिश में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
बाइक से घेरकर की थी गोलीबारी
विदित हो कि सात नवंबर की रात करीब नौ से दस बजे के बीच शोभन-एकमी बाईपास पर बदमाशों ने पश्चिम बंगाल नंबर की सिल्वर रंग की डस्टर कार को दो बाइक से घेर लिया था।
इसके बाद बदमाशों ने गोलीबारी की थी, जिसमें कार चला रहे सराफा व्यवसायी के चालक सह पार्टनर कौशिक के हाथ में गोली लगी थी। बदमाश चांदी के बिस्कुट से भरा बैग और बोरा सहित नकदी लूटकर फरार हो गए थे।
पहले पांच आरोपित गिरफ्तार
बाद में पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए भाजपा नगर महामंत्री विशाल महासेठ उर्फ विक्की समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया था।
इनके पास से 62 किलो 40 ग्राम चांदी के 56 बिस्कुट, 5 लाख 94 हजार 100 रुपये नकद, पांच मोबाइल और दो कार बरामद की गई थीं। अब दो और गिरफ्तारियों के बाद पुलिस लूटकांड से जुड़े अन्य आरोपितों की भूमिका खंगाल रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।