दरभंगा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 346.26 करोड़ की 105 योजनाओं का करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास
Samrat Chaudhary Darbhanga Visit: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दरभंगा में 346.26 करोड़ रुपये की 105 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वे मिथिला विभूति पर्व समारोह में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की फाइल फोटो और दरभंगा के नागेंद्र झा स्टेडियम में तैयार हो रहा मंच।जागरण
जागरण संवाददाता, दरभंगा। Darbhanga 346 Crore Projects Inauguration: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के रविवार को दरभंगा आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह के तीन दिवसीय आयोजन का मुख्यमंत्री उद्घाटन करेंगे और इसके बाद समीक्षा बैठक करेंगे।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री 346.26 करोड़ रुपये की 105 विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जिनमें लगभग 330.08 करोड़ रुपये की 103 योजनाओं का उद्घाटन और 16 करोड़ रुपये की दो नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
ग्रामीण कार्य व बुडको योजनाएं
उद्घाटित योजनाओं में ग्रामीण कार्य विभाग की सबसे अधिक परियोजनाएं शामिल हैं, जिनके तहत बिरौल, बेनीपुर, दरभंगा वन और दरभंगा टू प्रमंडलों में ग्रामीण सड़कें व आरसीसी पुल बनेंगे।
इनमें घिरोखर पोखर मिर्थलिया भाया आसी पथ पुल पर 297.02 लाख रुपये और टी 4 से देउरी पथ पर 276.54 लाख रुपये खर्च होंगे, जबकि बुडको के तहत पीसीसी सड़क, नाला, घाट व नाले के ढक्कन बनाए जाएंगे।
नगर निगम के वार्ड एक, चार, नौ, 15, 28, 34, 35 और 47 सहित बेनीपुर, जाले, कमतौल, बहेड़ी और बिरौल के शहरी क्षेत्रों में कार्य होंगे, जिनमें वार्ड 28 में मदारपुर चौक से होली क्रास स्कूल नाले पर 127.84 लाख रुपये और कमतौल नगर पंचायत के वार्ड 11 में सड़क व नाले पर 110.94 लाख रुपये की लागत आएगी।
पंचायत भवन व सिंचाई कार्य
योजना एवं विकास विभाग के अंतर्गत सिंहवाड़ा के हरिहरपुर पश्चिमी, बनौली और टेकटार, मनीगाछी के पैठान कबई तथा जाले के दड़िया बेलवाड़ा में 271 लाख से 292 लाख रुपये की लागत से पंचायत सरकार भवन बनेंगे।
लघु सिंचाई प्रमंडल बिरौल और घनश्यामपुर में उद्वह सिंचाई योजनाएं बनाएगा, जिनमें कोर्थु 01 पर 46.44 लाख, अजरेकबे गोविंदपुर व मनौर भौराम 03 पर प्रत्येक 45.29 लाख तथा हरपुर कलान 01 व डुमरी पर प्रत्येक 44.62 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा घनश्यामपुर के उच्च माध्यमिक विद्यालय पोहद्दी में 46.79 लाख रुपये से तीन अतिरिक्त कक्ष बनाए जाएंगे।
एक घंटे 41 मिनट का दौरा
मुख्यमंत्री रविवार को करीब एक घंटे 41 मिनट के लिए दरभंगा में रहेंगे और दोपहर एक बजे राज मैदान हेलीपैड पहुंचकर सड़क मार्ग से श्यामा माई मंदिर जाएंगे।
वहां पूजा अर्चना के बाद विकास व सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा होगी और फिर ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर के नागेंद्र झा स्टेडियम में मिथिला विभूति पर्व समारोह का उद्घाटन करेंगे।
इसके बाद विभागीय स्टालों का निरीक्षण, पात्र लाभुकों को लाभ वितरण तथा अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर वे 2:41 बजे हेलीपैड के लिए रवाना होंगे।
यह भी पढ़ें- बिहार में जल्द शुरू होंगी 5 नई चीनी मिलें, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की घोषणा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।