सिंगापुर में भी छठ महापर्व की धूम, सिंधु हाउस में हाउस में जुटेंगे 500 से अधिक श्रद्धालु
सिंगापुर में बिहार और झारखंड के प्रवासी भारतीय पूरे श्रद्धाभाव से छठ महापर्व मना रहे हैं। खरना का पावन अनुष्ठान ...और पढ़ें
-1794674680397_m.webp)
HighLights
सिंगापुर में बिहार-झारखंड के प्रवासी मना रहे छठ महापर्व।
खरना का पावन अनुष्ठान विधि-विधान से हुआ संपन्न।
बिझार सिंगापुर कर रहा सामूहिक अर्घ्य की भव्य तैयारी।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। सात समंदर पार सिंगापुर में भी बिहार और झारखंड की लोक आस्था के महापर्व छठ की छटा बिखर रही है। अपनी जन्मभूमि से हजारों किलोमीटर दूर रह रहे प्रवासी भारतीय पूरे श्रद्धाभाव, नेम-निष्ठा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व मना रहे हैं। पर्व के दूसरे दिन शनिवार को 'खरना' का पावन अनुष्ठान पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ।
खरना के अवसर पर दिन भर के निर्जला उपवास के बाद व्रतियों ने शाम को मिट्टी या पीतल के बर्तनों में गुड़ की खीर (रसियाव) और रोटी का महाप्रसाद तैयार किया।
विधि-विधान से छठी मैया की पूजा-अर्चना करने के बाद व्रतियों ने स्वयं प्रसाद ग्रहण किया और इसके साथ ही उनका 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत प्रारंभ हो गया।

सिंगापुर में बिहार और झारखंड के प्रवासी परिवारों को अपनी जड़ों से जोड़े रखने वाली प्रमुख सांस्कृतिक संस्था 'बिझार सिंगापुर' की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी छठ महापर्व का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
खरना पूजा के बाद बिझार सिंगापुर परिवार के सदस्य व्रतियों के आवास पर पहुंचे। सदस्यों ने व्रतियों को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद लिया और खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक लोकगीतों से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।
संस्था के पदाधिकारी अंजनी कुमार चौधरी ने बताया कि इस वर्ष सिंगापुर में छठ व्रत करने वाले प्रमुख श्रद्धालुओं में विशाखा श्री, राखी सिंह, शिप्रा झा, ममता मंडल, पायल प्रिया, अमर कुमार एवं स्पर्धा सिन्हा शामिल हैं।
प्रवासियों का कहना है कि अपनी मिट्टी से दूर रहकर भी यह महापर्व उन्हें अपने गांव-घर की याद दिलाता है। साथ ही, यह आयोजन सिंगापुर में पल रही नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और संस्कारों से रूबरू कराने का एक सशक्त माध्यम बन रहा है।
बिझार सिंगापुर की अध्यक्ष शिवानी खिरवाल एवं कोर कमेटी की देखरेख में आगामी दो दिनों के मुख्य आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
महापर्व के तीसरे दिन रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को 'संध्या अर्घ्य' और चौथे दिन सोमवार को उदीयमान सूर्य को 'उषा अर्घ्य' दिया जाएगा। सामूहिक अर्घ्य का यह मुख्य कार्यक्रम सिंधु हाउस (सिंगापुर सिंधी एसोसिएशन) में आयोजित होगा, जिसमें लगभग 400 से 500 प्रवासी श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।