एक बाइक पर सवार थे 4 दोस्त, अज्ञात वाहन ने रौंदा! 3 की मौके पर दर्दनाक मौत; दरभंगा में मातम
दरभंगा के मब्बी थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में एक बाइक पर सवार चार युवकों में से तीन ...और पढ़ें

3 की मौके पर दर्दनाक मौत (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
मब्बी थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हुआ।
एक बाइक पर सवार तीन युवकों की मौत।
अज्ञात वाहन की ठोकर से दुर्घटना हुई।
संवाद सहयोगी, दरभंगा। मब्बी थाना क्षेत्र के बाजार समिति चौक के समीप बुधवार की अहले सुबह भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी एक ही बाइक पर सवार थे। हादसा किसी अज्ञात वाहन की ठोकर से होने की बात सामने आई है।
मृत तीनों युवकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। वहीं, घायल की पहचान लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बाकरगंज मोहल्ला निवासी मो. जिलानी के 16 वर्षीय पुत्र मो. तलफ के रूप में हुई है।
चारों युवक एक ही बाइक पर सवार
जानकारी के अनुसार, चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर शिशो पश्चिमी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाजार समिति चौक के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मब्बी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
मृतकों की पहचान कराने की कोशिश जारी
वहीं, घायल युवक को पहले दिल्ली मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए स्वजन बाद में उसे शहर के दूसरे अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
थानाध्यक्ष के अनुसार, मृतकों की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। साथ ही हादसे में शामिल अज्ञात वाहन का पता लगाने और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- दरभंगा के केवटी में दो बाइकों की जोरदार टक्कर से एक की मौत, दो लोगों की हालत गंभीर