बिहार के मखाना किसानों के लिए खुशखबरी, दरभंगा बनेगा निर्यात का नया केंद्र
दरभंगा को 'डिस्ट्रिक्ट एज एक्सपोर्ट हब' के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे मिथिला मखाना और पेंटिंग को ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
मिथिला मखाना को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय बाजार और बेहतर कीमत।
मिथिला पेंटिंग और हस्तशिल्प को वैश्विक पहचान मिलेगी।
दरभंगा में व्यापार एवं निर्यात सुविधा केंद्र स्थापित होगा।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। मिथिला का मखाना अब सिर्फ स्थानीय बाजारों तक सीमित नहीं रहेगा। मिथिला पेंटिंग की पहचान भी देश की सीमाओं से बाहर और मजबूत होगी।
दरभंगा के किसानों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों के उत्पादों को सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है। इससे मखाना उत्पादक किसानों को बेहतर बाजार और उचित कीमत मिलने की उम्मीद है।
साथ ही मिथिला पेंटिंग, हस्तशिल्प और अन्य स्थानीय उत्पादों से जुड़े लोगों के लिए रोजगार और कारोबार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
केंद्र सरकार ने दरभंगा को डिस्ट्रिक्ट एज एक्सपोर्ट हब के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल तेज कर दी है। इसके तहत दरभंगा में व्यापार एवं निर्यात सुविधा केंद्र स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
मखाना को मिलेगा वैश्विक बाजार
दरभंगा और मिथिला क्षेत्र की पहचान मखाना उत्पादन के लिए देश-दुनिया में है। अब इसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने की तैयारी है। निर्यात सुविधा केंद्र के माध्यम से मखाना सहित क्षेत्र के अन्य निर्यात योग्य उत्पादों को विदेशी बाजारों से जोड़ने की योजना है। इससे किसानों को स्थानीय मंडियों पर निर्भरता कम करने और अपने उत्पादों के लिए बड़े बाजार तलाशने का अवसर मिल सकता है।
मिथिला पेंटिंग की बढ़ेगी अंतरराष्ट्रीय पहचान
मिथिला पेंटिंग केवल कला नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और हजारों कलाकारों की आजीविका का माध्यम भी है। इसे अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की पहल से स्थानीय कलाकारों और हस्तशिल्प से जुड़े उद्यमियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। उनके उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने और कारोबार का विस्तार करने का रास्ता तैयार हो सकता है।
दरभंगा में खुलेगा व्यापार एवं निर्यात सुविधा केंद्र
सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा. गोपाल जी ठाकुर ने बताया कि केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्रालय की ओर से दरभंगा में व्यापार एवं निर्यात सुविधा केंद्र स्थापित करने की दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस केंद्र के माध्यम से स्थानीय उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने और किसानों तथा उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जोड़ने की पहल की जाएगी।
सांसद ने केंद्र सरकार से की थी मांग
सांसद ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री को पत्र लिखकर दरभंगा में व्यापार एवं निर्यात सुविधा केंद्र स्थापित करने की मांग की थी। इसमें मिथिला के मखाना सहित जीआई टैग प्राप्त उत्पादों के निर्यात को प्रोत्साहित करने, निर्यात से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं का विकास करने और स्थानीय किसानों एवं उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का आग्रह किया गया था।
विदेश व्यापार महानिदेशालय को मिली जिम्मेदारी
सांसद के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने इन प्रस्तावों को विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी), कोलकाता के क्षेत्रीय प्राधिकारी के संज्ञान में लाने की जानकारी दी है। साथ ही जिला निर्यात संवर्धन समिति के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही गई है।
स्थानीय उत्पादों की होगी पहचान
केंद्र सरकार की डिस्ट्रिक्ट एज एक्सपोर्ट हब पहल के तहत दरभंगा के निर्यात योग्य उत्पादों की पहचान की जा रही है। इनके निर्यात की क्षमता बढ़ाने पर भी काम होगा। इसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाना, किसानों की आय बढ़ाना और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।