वैभव सूर्यवंशी की कप्तानी में चौके-छक्कों से गूंजेगा मैदान, दरभंगा के आयुष, अलतमिश और मयंक भी मचाएंगे धमाल
Vaibhav Suryavanshi Captain : सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के लिए बिहार टीम में दरभंगा के तीन खिलाड़ियों, आयुष लुहारुका, अलतमिश अशरफ और मयंक कुमार का चयन हुआ है।

Syed Mushtaq Ali Trophy 2026 : वैभव सूर्यवंशी, मयंक कुमार, अलतमिश अशरफ व आयुष लुहारुका।
HighLights
सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में बिहार टीम का चयन।
दरभंगा के आयुष, अलतमिश, मयंक को टीम में जगह।
खिलाड़ियों के चयन से दरभंगा में खुशी का माहौल।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। क्रिकेट के मैदान पर बिहार की टीम एक बार फिर अपनी प्रतिभा का दम दिखाने को तैयार है। सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्राफी में कप्तान वैभव सूर्यवंशी के साथ दरभंगा के तीन खिलाड़ी भी अपने बल्ले और गेंद से जलवा बिखेरेंगे।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की 17 सदस्यीय टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज आयुष लुहारुका, आलराउंडर अलतमिश अशरफ और मध्यक्रम के बल्लेबाज मयंक कुमार को जगह मिली है।
तीनों खिलाड़ियों के चयन से दरभंगा के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। अब इन खिलाड़ियों के सामने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका होगा।
तीनों खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें
बीसीसीआई की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता के लिए बिहार की टीम की कमान युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में बिहार की टीम मैदान पर उतरेगी।
दरभंगा के तीन खिलाड़ियों का चयन जिले के क्रिकेट के लिए भी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। आयुष फिलहाल बिहार की रणजी टीम के सदस्य हैं, जबकि अलतमिश और मयंक अपने प्रदर्शन के दम पर रणजी टीम में जगह बनाने की दावेदारी मजबूत कर रहे हैं।
विकेट के पीछे और बल्ले से आयुष दिखाएंगे दम
आयुष लुहारुका विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। वह धैर्यपूर्वक बल्लेबाजी करने के साथ विकेट के पीछे भी अपनी उपयोगिता साबित करते रहे हैं। रणजी टीम का सदस्य होने के कारण उनके पास बड़े मुकाबलों का अनुभव भी है। टी-20 प्रारूप में उनसे तेज और उपयोगी पारियों की उम्मीद होगी।
अलतमिश की बल्लेबाजी और गेंदबाजी पर नजर
अलतमिश अशरफ आलराउंडर हैं। वह विस्फोटक बल्लेबाजी के साथ आफ ब्रेक गेंदबाजी में भी माहिर हैं। अपनी दोहरी भूमिका के कारण वह टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। जरूरत के मुताबिक बल्ले और गेंद दोनों से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।
मयंक की फिरकी भी दिखाएगी कमाल
मयंक कुमार मध्यक्रम के आक्रामक बल्लेबाज हैं। वह बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में योगदान देने की उनकी क्षमता टीम को मजबूती देगी। उनकी फिरकी विपक्षी बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकती है।
14 नवंबर से शुरू होगी प्रतियोगिता
सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्राफी में भाग लेने के लिए बिहार की टीम इंदौर रवाना होगी। प्रतियोगिता 14 नवंबर से शुरू हो रही है। इसमें बिहार का मुकाबला देश की विभिन्न राज्यों की टीमों से होगा। दरभंगा क्रिकेट संघ के जिला सचिव पवन कुमार सिंह ने खिलाड़ियों के चयन की जानकारी दी।
क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने दी बधाई
दरभंगा के तीनों खिलाड़ियों के चयन पर जिले के वरिष्ठ क्रिकेटरों और खेल संघ के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता जताई है। सरदार सुरेंद्र सिंह, ललन सिंह, अदनान सन, शैलेंद्रनाथ 'बुलटुस', प्रदीप गुप्ता, डा. एएन आरजू, संजीव सिन्हा, सोहैल अख्तर, छन्नू झा, जावेद अनवर, अशोक चौधरी, मुकेश कुमार 'पेले', विशाल कुमार 'दल्लू', डीसीए अध्यक्ष बादल चेतन, कोषाध्यक्ष आमिर फैसल समसी, प्रो. प्रभाष चंद्र मिश्र, प्रो. नरेश राय, सुरेश झा, कुमार रौशन, आलोक कुमार 'अधिवक्ता', अखलाकुर रहमान 'पप्पू', जिला खेल संघ के सचिव जितेंद्र कुमार सिंह और दिनेश सहनी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।