LNMU UG Admission: तीन कॉलेज और पांच विषय चुनने का मौका, आज से आवेदन
LNMU Spot Admission : ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय ने स्नातक सत्र 2026-30 में रिक्त सीटों के लिए स्पॉट राउंड एडमिशन ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
स्नातक सत्र 2026-30 में रिक्त सीटों पर दाखिले का अवसर।
ऑनलाइन आवेदन 6 से 8 अक्टूबर तक, मेरिट लिस्ट 9 अक्टूबर को।
नामांकन 10 से 12 अक्टूबर तक, समर्थ पोर्टल से पूरी प्रक्रिया।
जागरण संवाददाता, दरभंगा । ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्नातक पाठ्यक्रम सत्र 2026-30 में रिक्त रह गई सीटों पर दाखिले के लिए स्पाट राउंड एडमिशन की घोषणा कर दी है।
विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले सभी अंगीभूत, संबद्ध और राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में रिक्त सीटों को भरने के लिए छात्रों को यह अंतिम अवसर प्रदान किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, स्पाट एडमिशन के लिए आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया छह अक्टूबर से शुरू होकर आठ अक्टूबर तक चलेगी। इसके बाद नौ अक्टूबर को चयनित व पात्र अभ्यर्थियों की मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी।
जिन विद्यार्थियों का नाम मेरिट लिस्ट में आएगा, वे 10 से 12 अक्टूबर के बीच संबंधित कॉलेजों में जाकर अपना नामांकन सुनिश्चित करा सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अधिसूचना जारी कर बताया है कि पूर्व के नामांकन चरणों में जिन आवेदकों का किसी भी कॉलेज में दाखिला नहीं हो सका है, वे ही इसमें हिस्सा ले सकते हैं।
इसके लिए अभ्यर्थियों को कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। विद्यार्थी अपनी पूर्व लॉगिन आईडी का उपयोग कर उपलब्ध रिक्त सीटों के आधार पर अधिकतम तीन कॉलेजों और पांच विषयों के नए विकल्प चुन सकते हैं।
समर्थ पोर्टल से होगी पूरी प्रक्रिया
स्पाट एडमिशन की पूरी प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएगी। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के एडमिशन पोर्टल lnmuadm.samarth.edu.in या आधिकारिक वेबसाइट www.lnmu.ac.in पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। विश्वविद्यालय ने सलाह दी है कि आवेदन करने से पूर्व अभ्यर्थी पोर्टल पर कॉलेजवार और विषयवार रिक्त सीटों की स्थिति ध्यानपूर्वक अवश्य जांच लें।
पूर्व में नामांकित छात्रों को नहीं मिलेगा अवसर
अध्यक्ष छात्र कल्याण कार्यालय के अनुसार, जिन विद्यार्थियों का पूर्व के चरणों में किसी भी कॉलेज में नामांकन हो चुका है, वे इस स्पाट एडमिशन प्रक्रिया के लिए पात्र नहीं होंगे।
यह व्यवस्था केवल उन पंजीकृत छात्रों के लिए है जो अब तक नामांकन से वंचित रह गए हैं। विश्वविद्यालय ने इसे दाखिले का अंतिम मौका बताते हुए समय-सारणी का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- एमबीबीएस में दाखिला मिला, पर रहने की जगह नहीं, डीएमसी के नए मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी चुनौती
यह भी पढ़ें- बच्चों का ध्यान भटकना और अतिसक्रियता होगी नियंत्रित? मिथिलांचल के चिकित्सक के शोध ने जगाई उम्मीद
