खेल में है रुचि तो दरभंगा में ही बनेगा करियर, LNMU खोलने जा रहा नए कोर्स का रास्ता
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के खेल निदेशालय में बीपीएड, एमपीएड और विजुअल आर्ट जैसे नए रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए एनसीईटी की टीम ने वर्चुअल निरीक्षण किया।

डा. नागेंद्र झा स्टेडियम। जागरण
जागरण संवाददाता, दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के खेल निदेशालय में शैक्षणिक गतिविधियों के विस्तार और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है।
विश्वविद्यालय के खेल निदेशालय में विभिन्न नए, आधुनिक और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के संचालन को लेकर राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद (एनसीईटी) की उच्च स्तरीय टीम की ओर से बुधवार को खेल निदेशालय का वर्चुअल यानी आनलाइन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने तय मानकों के आधार पर हर एक बिंदु पर बेहद बारीकी से जांच की और ग्राउंड रियलिटी यानी वास्तविक स्थिति को जाना। नागेंद्र झा स्टेडियम, इनडोर, आउटडोर के अलावा लाइब्रेरी सहित अन्य गतिविधियों की जानकारी ली।
एनसीईटी की टीम द्वारा निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद अब यहां प्रस्तावित विभिन्न नए और महत्वपूर्ण पाठ्यक्रमों को अंतिम स्वीकृति मिलने का रास्ता साफ होता दिख रहा है।
जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय प्रशासन और खेल निदेशालय की ओर से एनसीईटी के आधिकारिक पोर्टल पर बीपीएड यानी बैचलर आफ फिजिकल एजुकेशन और एमपीएड - मास्टर आफ फिजिकल एजुकेशन के साथ-साथ विजुअल आर्ट जैसे रोजगारपरक और कौशल-आधारित पाठ्यक्रमों की मंजूरी के लिए पहले ही आवेदन किया जा चुका है।
डिजिटल माध्यम से परखी गईं सुविधाएं
आनलाइन निरीक्षण के दौरान एनसीईटी की टीम ने विश्वविद्यालय के खेल निदेशालय में उपलब्ध खेल मैदान, प्रयोगशालाएं, तकनीकी सुविधाएं, पुस्तकालय, शैक्षणिक माहौल और आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का डिजिटल माध्यम से सूक्ष्मता से जायजा लिया।
निदेशालय की ओर से टीम के समक्ष सभी व्यवस्थाओं को लाइव प्रस्तुत किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस निरीक्षण को लेकर अपनी सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली थीं, जिसके कारण निरीक्षण सुचारू रूप से संपन्न हुआ।
युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए अवसर
मिथिला विश्वविद्यालय के खेल निदेशालय में इन पाठ्यक्रमों की शुरुआत होना यहां के छात्रों और खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। बीपीएड और एमपीएड जैसे पाठ्यक्रमों के शुरू होने से क्षेत्र के युवाओं को शारीरिक शिक्षा, खेल कोचिंग, फिटनेस ट्रेनिंग और स्पोर्ट्स मैनेजमेंट के क्षेत्र में बेहतर करियर बनाने के अवसर मिलेंगे।
वहीं विजुअल आर्ट्स का कोर्स कला और रचनात्मकता के क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को एक नया मंच प्रदान करेगा। बता दें कि एनसीईटी से अंतिम मंजूरी मिलते ही इन पाठ्यक्रमों में नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
खेल निदेशालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों को एनसीईटी की मान्यता दिलाने के लिए मानक के अनुसार सभी बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा कर लिया गया है। निरीक्षण के दौरान टीम को हर पहलू से अवगत कराया गया है। पूरी उम्मीद है कि इस सकारात्मक निरीक्षण के बाद जल्द ही पाठ्यक्रमों को मान्यता मिल जाएगी।
प्रो. अजय नाथ झा, निदेशक, खेल निदेशालय, लनामिवि, दरभंगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।