आसमान में दिखेगा सुपरमून, टूटेंगे तारे और होगी ग्रहों की परेड, दरभंगा तारामंडल में फिर पुराने शो का सहारा
Bihar News : नवंबर का महीना कई दुर्लभ खगोलीय घटनाओं से भरा है, लेकिन दरभंगा तारामंडल में इनके लिए कोई ...और पढ़ें

दरभंगा का तारामंडल। जागरण
HighLights
नवंबर में कई दुर्लभ खगोलीय घटनाएं होंगी जैसे सुपरमून।
दरभंगा तारामंडल में इन घटनाओं के लिए कोई तैयारी नहीं।
दर्शक पुराने थ्री-डी शो देखकर ही संतोष करने को मजबूर।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। नवंबर का महीना खगोलीय घटनाओं के दृष्टिकोण से बेहद खास और रोमांचक होने जा रहा है, लेकिन कादिराबाद स्थित तारामंडल में इन अद्भुत दृश्यों को लेकर कोई विशेष तैयारी नहीं की गई है।
दर्शकों और विज्ञान प्रेमियों को इस बार भी तारामंडल में केवल पूर्व से चले आ रहे पुराने थ्री-डी शो देखकर ही संतोष करना पड़ेगा। तारामंडल के प्रभारी ओपी राय ने बताया कि तारामंडल में पूर्व से चलाए जा रहे थ्री-डी शो ही दिखाए जा रहे हैं, खगोलीय घटनाओं को लेकर कोई विशेष तैयारी नहीं है।
ऐसे में खगोल विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों और छात्रों को निराश होना पड़ सकता है, जो इन घटनाओं को तारामंडल के आधुनिक माध्यमों से समझने की उम्मीद लगाए बैठे थे।
बता दें कि भले ही तारामंडल में कोई खास इंतजाम नहीं हो, लेकिन अंतरिक्ष प्रेमियों के लिए पांच से लेकर 25 नवंबर तक की रातें बेहद खास होने वाली हैं।
इस पूरे महीने लाल ग्रह मंगल का बृहस्पति से मिलन, चार ग्रहों का एक साथ दिखना, कई उल्कावृष्टि और सुपरमून जैसी दुर्लभ खगोलीय घटनाएं लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करेंगी।
इस महीने होने वाली प्रमुख खगोलीय घटनाएं
7 नवंबर: 'वीनस आकल्टेशन' (शुक्र का पिधान) की अत्यंत दुर्लभ घटना होगी। सूर्य ग्रहण की तर्ज पर चंद्रमा कुछ पलों के लिए शुक्र ग्रह के सामने आकर उसे पूरी तरह ढक लेगा।
11 और 12 नवंबर : रात के समय 'नार्दर्न टारिड्स उल्कापात' होगा, जहां एक बार फिर जलती हुई उल्काओं की आतिशबाजी आसमान में देखी जा सकेगी।
14 नवंबर: भोर होने से पहले आकाश में बुध, शुक्र, मंगल और बृहस्पति एक साथ मिलकर 'प्लेनेट परेड' (चार ग्रहों की युति) बनाएंगे।
17 नवंबर: इस महीने की तीसरी बड़ी उल्कावृष्टि 'लियोनिड उल्कावृष्टि' होगी, जिसे आम भाषा में तारों का टूटना भी कहा जाता है।
24 नवंबर: चांदनी रात में 'सुपरमून' का अद्भुत नजारा दिखेगा, जिसे यूरोपीय देशों में 'बीवर मून' भी कहा जाता है। इस दिन चंद्रमा अपने सामान्य आकार से बड़ा और बेहद चमकदार दिखेगा।
25 नवंबर: 'अरुण (यूरेनस) अपोजिशन' की घटना होगी, जिसके तहत अरुण ग्रह को पूरी रात नग्न आंखों या दूरबीन से साफ-साफ देखा जा सकेगा।
एक तरफ जहां अंतरिक्ष में एक के बाद एक कई रोमांचक गतिविधियां होने जा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय स्तर पर तारामंडल प्रशासन द्वारा किसी विशेष शो या लाइव स्क्रीनिंग की व्यवस्था न होना चर्चा का विषय बना हुआ है।