विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मार्च 2027 से पहले शुरू होगी दरभंगा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल से उड़ान, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने की तैयारी

Published: Sun, 22 Nov 2026 04:06 PM (IST)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि दरभंगा एयरपोर्ट को मार्च 2027 से पहले अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी और नए टर्मिनल का उद्घाटन होगा। एयरपोर्ट का नाम कवि कोकिल विद्यापति के नाम पर रखा जाएगा, साथ ही सड़क, उद्योग और अन्य विकास योजनाओं की भी घोषणा की गई।

मिथिला विभूति पर्व समारोह का उदघाटन करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व अन्य अतिथि। जागरण

मिथिला विभूति पर्व समारोह का उदघाटन करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व अन्य अतिथि। जागरण

HighLights

  1. दरभंगा एयरपोर्ट मार्च 2027 तक अंतरराष्ट्रीय पहचान प्राप्त करेगा।

  2. कवि कोकिल विद्यापति के नाम पर होगा दरभंगा एयरपोर्ट का नाम।

  3. सड़क, उद्योग सहित 346 करोड़ की विकास योजनाएं शुरू।

जागरण संवाददाता, दरभंगा। दरभंगा और मिथिलांचल के लोगों के लिए हवाई सफर के लिहाज से बड़ी खुशखबरी है। दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि मार्च 2027 से पहले एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन कराया जाएगा।

इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आग्रह करेंगे। एयरपोर्ट का नाम भी जल्द ही कवि कोकिल विद्यापति के नाम पर रखने की पहल होगी। इसके साथ ही सड़क, उद्योग और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी दरभंगा को कई बड़ी सौगात मिलने जा रही है।

रविवार को डा. नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं कीं। इससे पहले उन्होंने मां श्यामा माई मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रस्तावित विकास कार्यों के नक्शे का अवलोकन किया।

अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाया जाएगा। यहां का रनवे पटना और गयाजी एयरपोर्ट के रनवे से डेढ़ गुना बड़ा बन रहा है। मार्च 2027 से पहले नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन कराने के लिए प्रधानमंत्री से आग्रह किया जाएगा। इससे मिथिलांचल के लोगों को हवाई यात्रा की बेहतर सुविधा मिलेगी।

विद्यापति के नाम पर होगा एयरपोर्ट

दरभंगा एयरपोर्ट को कवि कोकिल विद्यापति के नाम से पहचान दिलाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले एक महीने में एयरपोर्ट का नाम बदलने का प्रस्ताव कैबिनेट से पारित कर केंद्र सरकार को भेज दिया जाएगा। इससे मिथिला की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

पटना से दरभंगा पहुंचने में लगेंगे डेढ़ घंटे

सड़क कनेक्टिविटी को लेकर भी मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सितंबर तक दरभंगा-आमस सड़क का काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद पटना से दरभंगा पहुंचने में महज एक से डेढ़ घंटे लगेंगे। इससे यात्रियों के साथ कारोबारियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

तीन महीने में शुरू होगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर

दरभंगा में औद्योगिक विकास को गति देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले तीन महीने में यहां नया इंडस्ट्रियल कॉरिडोर शुरू हो जाएगा। वहीं, मधुबनी में सीमेंट फैक्ट्री का काम शुरू हो गया है। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

346 करोड़ की योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 346.26 करोड़ रुपये की कुल 105 विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें करीब 330.08 करोड़ रुपये की लागत वाली 103 योजनाओं का उद्घाटन किया गया, जबकि 16 करोड़ रुपये की दो नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन योजनाओं से जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- मिथिला विभूति पर्व में विकास का तोहफा देंगे सीएम, दरभंगा में 346 करोड़ की योजनाओं से बदलेगी तस्वीर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।