दरभंगा में जमाबंदी अब भी मृत दादा या पिता के नाम पर, खाद बीज और किसान सम्मान निधि में अड़चन
Land Record Correction Bihar Abhiyan: कुशेश्वरस्थान अंचलों में जमाबंदी त्रुटियों से रैयत परेशान हैं, जिससे उन्हें खाद बीज, किसान सम्मान निधि और जमीन के कागजात बनवाने में कठिनाई आ रही है।

पिछले वर्ष 16 अगस्त से 20 सितंबर तक पंचायत शिविरों में आवेदन लिए गए थे, लेकिन सुधार नहीं हो सका।
HighLights
जमाबंदी में मृत पिता/दादा के नाम से रिकॉर्ड दर्ज।
खाद, बीज, किसान सम्मान निधि लाभ लेने में दिक्कत।
राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल से सुधार अभियान अधूरा।
संवाद सहयोगी, कुशेश्वरस्थान (दरभंगा)। Kusheshwarsthan Jamabandi Errors Darbhanga: कुशेश्वरस्थान और पूर्वी कुशेश्वरस्थान अंचलों में जमाबंदी की त्रुटियों से रैयत परेशान हैं।
कई रिकार्ड मृत पिता या दादा के नाम पर दर्ज हैं, जबकि कुछ में खाता, खेसरा, रकबा या सही नाम व पता तक ठीक नहीं है।
इस वजह से खाद बीज, फार्मर आईडी, एलपीसी और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ लेने के साथ जमीन के कागजात बनवाने व खरीद बिक्री में कठिनाई आ रही है।
तीन अभियान और हड़ताल का असर
15 सितंबर से 31 अक्टूबर तक चले विशेष अभियान के तहत घर घर जाकर रिकार्ड सुधारने का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि 10 अक्टूबर से राजस्व कर्मचारियों और अंचल अमीनों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने से यह तीसरा अभियान अधूरा रह गया।
इससे पहले पिछले वर्ष 16 अगस्त से 20 सितंबर तक पंचायत शिविरों में आवेदन लिए गए थे, लेकिन सुधार नहीं हो सका।
अटके आवेदन और कागजात
इस वर्ष फरवरी और मार्च में चलाई गई प्रखंड स्तरीय योजना भी अपेक्षित रूप से प्रभावी नहीं रही। स्थानीय लोगों के अनुसार सुधार से जुड़े आवेदन व कागजात अब भी संबंधित कर्मचारियों के आवासीय कार्यालयों में पड़े हैं और समाधान का इंतजार है।
अंचल में मात्र दो राजस्व कर्मचारी प्रतिनियुक्त हैं। इसके बावजूद अभियान के शुरुआती दिनों में कुछ हलकों में जमाबंदी सुधार का काम हुआ। इस दौरान राजस्व कर्मचारी और अंचल अमीन के हड़ताल पर चले जाने से अभियान ठप हो गया।
राकेश रोशन भारती, अंचलाधिकारी, कुशेश्वरस्थान पूर्वी