विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Darbhanga Hospitals : आयुष्मान कार्ड है, पर इलाज में संकट! 6 माह से अस्पतालों को नहीं मिला भुगतान

Published: Fri, 20 Nov 2026 04:47 PM (GMT+05:30)

आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पतालों को छह माह से भुगतान नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। इस भुगतान संकट से गरीब मरीजों के इलाज पर भी असर पड़ने की आशंका है, हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने जल्द भुगतान का आश्वासन दिया है।

दरभंगा में आयुष्मान कार्ड के साथ इलाज के लिए भटकते मरीज।

दरभंगा में आयुष्मान कार्ड के साथ इलाज के लिए भटकते मरीज।

संवाद सहयोगी, बेनीपुर (दरभंगा)। गरीब मरीजों को निश्शुल्क बेहतर इलाज उपलब्ध कराने वाली आयुष्मान भारत योजना की व्यवस्था भुगतान संकट में फंसती नजर आ रही है।

जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों को योजना के तहत किए गए इलाज की प्रतिपूर्ति राशि करीब छह माह से नहीं मिली है। लगातार भुगतान लंबित रहने से अस्पतालों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। इससे मरीजों के इलाज पर भी असर पड़ने की आशंका है।

एक ओर सरकार आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए गांव-गांव अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर अस्पतालों को इलाज के बाद समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है। अस्पताल संचालकों के अनुसार, दवाओं की खरीद, पैथोलाजी जांच, चिकित्सकीय सामग्री और कर्मचारियों के वेतन का भुगतान करना मुश्किल हो रहा है।

निजी अस्पतालों की कार्यशील पूंजी फंसने से आर्थिक दबाव बढ़ गया है। कुछ अस्पतालों में आयुष्मान मरीजों के इलाज को सीमित करने और नए मरीजों को भर्ती करने में अनिच्छा की स्थिति बन रही है।

कार्डधारियों की बढ़ सकती है परेशानी

आयुष्मान कार्ड लेकर अस्पताल पहुंचने वाले गरीब मरीजों को भी भुगतान संकट का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। अस्पतालों में भुगतान की समस्या का हवाला देकर कुछ मरीजों को जांच, दवा और अन्य उपचार के लिए बाहर भेजे जाने की शिकायत है।

इससे निश्शुल्क इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचे मरीजों के स्वजन पर अतिरिक्त खर्च का बोझ पड़ रहा है। अस्पताल संचालकों की मांग है कि लंबित राशि का शीघ्र भुगतान कराया जाए।

स्वास्थ्य विभाग ने जल्द भुगतान का दिया भरोसा 

सिविल सर्जन ने बताया कि तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से भुगतान में देरी हुई है। प्रक्रिया को दुरुस्त किया जा रहा है। जल्द ही अस्पतालों को लंबित राशि उपलब्ध कराने का प्रयास है। मरीजों के इलाज में परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- मिथिला पेंटिंग से लजीज पकवानों तक, तीन दिन तक दिखेगी मिथिला की पूरी पहचान, CM भी करेंगे शिरकत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।