मिथिला पेंटिंग से लजीज पकवानों तक, तीन दिन तक दिखेगी मिथिला की पूरी पहचान, CM भी करेंगे शिरकत
Mithila Vibhuti Parv : दरभंगा में 22 से 24 नवंबर तक 54वां मिथिला विभूति पर्व आयोजित होगा, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री ...और पढ़ें

दरभंगा में 54वां मिथिला विभूति पर्व की तैयारी को लेकर हुई बैठक।
HighLights
22-24 नवंबर तक दरभंगा में 54वां मिथिला विभूति पर्व।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे तीन दिवसीय समारोह का उद्घाटन।
मिथिला पेंटिंग, पारंपरिक कला और व्यंजनों के स्टॉल मुख्य आकर्षण।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। मिथिला की संस्कृति, परंपरा, कला और खान-पान की झलक एक बार फिर भव्य मंच पर देखने को मिलेगी। 54वें मिथिला विभूति पर्व को लेकर दरभंगा में तैयारियां तेज हो गई हैं।
22 से 24 नवंबर तक डा. नागेन्द्र झा स्टेडियम में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। आयोजन को यादगार बनाने के लिए आयोजन समिति और जिला प्रशासन जुटा हुआ है।
तैयारियों की हुई उच्च स्तरीय समीक्षा
आयोजन स्थल पर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें आयोजन समिति के सदस्यों, विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के पदाधिकारियों ने समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी दीर्घाओं के सदस्य आयोजन को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से जुटेंगे।
नई पीढ़ी को मिथिला की विरासत से जोड़ने पर जोर
विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डा. बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने बताया कि इस वर्ष समारोह का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को मिथिला की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति, खान-पान और समृद्ध धरोहर से रूबरू कराना है। इसके माध्यम से मिथिला की सांस्कृतिक पहचान और विरासत को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
पेंटिंग और व्यंजनों के स्टाल होंगे आकर्षण
तीन दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन में मिथिला पेंटिंग और पारंपरिक कलाकृतियों की भव्य प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही मिथिला के पारंपरिक और लजीज व्यंजनों के विशेष स्टाल भी लगाए जाएंगे। कला, संस्कृति और खान-पान के संगम से समारोह में आने वाले लोगों को मिथिला की समृद्ध परंपरा का अनुभव मिलेगा।