विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Darbhanga Graduate Constituency: भाजपा में निभाई संगठन की जिम्मेदारी, राजद से विधान परिषद तक पहुंचे अनिल झा

Published: Thu, 29 Oct 2026 11:24 PM (IST)

Bihar Politics : अनिल कुमार झा ने दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक यात्रा को नया ...और पढ़ें

राजद प्रत्याशी अनिल कुमार झा को प्रमाणपत्र सौंपते प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय। ( बाएं अनिल कुमार झा एवं दाएं प्रमंडलीय आयुक्त)। सौ. आइपीआरडी।

राजद प्रत्याशी अनिल कुमार झा को प्रमाणपत्र सौंपते प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय। ( बाएं अनिल कुमार झा एवं दाएं प्रमंडलीय आयुक्त)। सौ. आइपीआरडी।

HighLights

  1. अनिल झा ने दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज की।

  2. भाजपा से राजद में शामिल होकर विधान परिषद पहुंचे।

  3. उनकी जीत लंबे राजनीतिक संघर्ष और अनुभव का परिणाम।

संवाद सहयोगी, तारडीह (दरभंगा)। दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अनिल कुमार झा की जीत ने क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों में नई हलचल पैदा कर दी है। कभी भाजपा के मजबूत कार्यकर्ताओं में शुमार रहे अनिल झा ने दूसरी कोशिश में स्नातक विधान पार्षद का चुनाव जीतकर अपनी राजनीतिक यात्रा को नया मुकाम दिया है।

उनकी यह जीत लंबे राजनीतिक संघर्ष, संगठनात्मक अनुभव और सामाजिक सक्रियता का परिणाम मानी जा रही है। वर्ष 1998 से भाजपा में सक्रिय अनिल झा करीब एक दशक तक पार्टी में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते रहे।

वे तारडीह प्रखंड भाजपा अध्यक्ष के साथ दरभंगा जिला महामंत्री भी रहे। तत्कालीन भाजपा सांसद कीर्ति झा आजाद और संजय झा से भी उनकी निकटता रही। 1999 से लेकर 2004 तक सांसद कीर्ति झा आजाद के प्रतिनिधि रहे।

क्षेत्र में उन्हें भाजपा के संस्थापक सदस्यों में गिना जाता था। संगठन के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं के बीच सक्रियता उनकी पहचान रही। हालांकि, दो बार जिला परिषद का चुनाव लड़ने के बावजूद उन्हें सफलता नहीं मिली।

वर्ष 2020 में भाजपा छोड़कर राजद में शामिल होना उनके राजनीतिक जीवन का निर्णायक मोड़ साबित हुआ। राजद के टिकट पर पहली बार स्नातक विधान परिषद चुनाव लड़ने पर उन्हें तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियां जारी रखीं।

इस बार मतदाताओं ने उन पर भरोसा जताया और वे जीत हासिल करने में सफल रहे। सहज स्वभाव, सामाजिक कार्यों में भागीदारी और कार्यकर्ताओं से जुड़ाव उनकी राजनीतिक पूंजी रही है।

भाजपा में उनके साथ रहे ठेंगहा के पूर्व मुखिया हरि पासवान कहते हैं कि अनिल झा मृदुल स्वभाव के साथ स्वाभिमानी व्यक्तित्व के धनी हैं। कार्यकर्ता के रूप में उनका संघर्ष आज भी याद है।

वहीं राजद नेता सुटकुन झा का कहना है कि छह वर्ष पूर्व अनिल झा के संगठन से जुड़ने के बाद पार्टी को मजबूती मिली। भाजपा से शुरू हुआ राजनीतिक सफर अब राजद के जरिए विधान परिषद तक पहुंचा है। उनकी जीत ने तारडीह सहित आसपास के क्षेत्रों में उनकी राजनीतिक भूमिका और प्रभाव को नए सिरे से चर्चा में ला दिया है।

अनिल कुमार झा का परिचय

नाम: अनिल कुमार झा
जन्मतिथि: 5 अप्रैल 1974
पिता: स्व. दुर्गानंद झा
माता: देवकला देवी
शैक्षणिक योग्यता: इतिहास विषय में स्नातकोत्तर (एमए)

राजनीतिक सफर

  • 1998 से 2020 तक: भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय रहे।
  • 2020: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में शामिल होकर बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बने।
  • 2026: दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राजद समर्थित उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतकर बिहार विधान परिषद पहुंचे।

यह भी पढ़ें- दरभंगा स्नातक सीट पर देर रात में खुला जीत का पत्ता, अनिल झा ने BJP प्रत्याशी को 4010 वोटों से हराया

यह भी पढ़ें- दरभंगा में हारी भाजपा; लेकिन उम्मीदवार ने जीत लिया लोगों का दिल, RJD प्रत्याशी संग वीडियो वायरल

यह भी पढ़ें- दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अचानक पलटा खेल, सर्वेश कुमार ने अनिल झा को दी बधाई, हार स्वीकारी