विधायक बनाने का झांसा दे शिक्षिका से रेप और ब्लैकमेलिंग! बक्सर के स्कूल से गया पुलिस ने 'मिस्टर राइट' को दबोचा
गया पुलिस ने बक्सर के सरकारी शिक्षक प्रकाश पाठक उर्फ 'मिस्टर राइट' को यौन शोषण, धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।

गया पुलिस ने मिस्टर राइट को दबोचा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
बक्सर के शिक्षक प्रकाश पाठक 'मिस्टर राइट' गिरफ्तार।
यौन शोषण, धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप।
विधायक बनाने का झांसा देकर दुष्कर्म, वीडियो बनाया।
जागरण संवाददाता, बक्सर। यौन शोषण, धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग जैसे संगीन आरोपों में घिरे शहर के एक सरकारी विद्यालय के शिक्षक प्रकाश पाठक उर्फ 'मिस्टर राइट' को गयाजी जिले की पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
बक्सर नगर थाना पुलिस के सहयोग से हुई इस कार्रवाई में आरोपित को उसके विद्यालय से ही दबोचा गया। दोपहर करीब एक बजे पुलिस टीम आरोपित शिक्षक को गिरफ्तार कर नगर थाना पहुंची, जहां आवश्यक कानूनी व कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस टीम थाने में ही मौजूद है और प्रक्रिया पूरी होते ही आरोपित को लेकर गयाजी रवाना हो जाएगी, जहां उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
स्कूल से गिरफ्तारी होते ही मचा हड़कंप
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपित प्रकाश पाठक आचार्य नरेंद्र देव मध्य विद्यालय में पदस्थापित हैं। शुक्रवार दोपहर गयाजी से आई विशेष पुलिस टीम ने स्थानीय नगर थाना पुलिस के साथ मिलकर विद्यालय में छापेमारी की।
अचानक बड़ी संख्या में पुलिस बल को परिसर में देख स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से ही शिक्षक को हिरासत में ले लिया। नगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि गयाजी पुलिस की टीम आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर अपने साथ ले जाने की प्रक्रिया कर रही है।
विधायक बनवाने का झांसा देकर यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का आरोप
आरोपित शिक्षक के खिलाफ गया कोतवाली थाने में एक महिला शिक्षिका ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस मामले में प्रकाश पाठक के अलावा कृष्णा कुमार प्रजापति और गंगाराम मदन प्रसाद को भी नामजद किया गया है।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपित ने शिक्षकों के एक व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए उनसे संपर्क साधा और अपनी ऊंची राजनीतिक पहुंच का हवाला देते हुए शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधायक बनवाने का झांसा दिया।
बैठक के बहाने पीड़िता को वाराणसी बुलाया
आरोप है कि फरवरी 2024 में संगठन की बैठक के बहाने पीड़िता को वाराणसी बुलाया गया, जहां उनसे डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई। वहां एक होटल में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने के बाद उनके साथ दुष्कर्म किया गया और अश्लील वीडियो बना लिया गया।
बाद में वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर पीड़िता से नकद व आनलाइन माध्यम से लगातार रुपये ऐंठे गए।
विभागीय कार्यशैली पर भी उठ रहे थे सवाल
पीड़िता ने इस संबंध में 22 अक्टूबर 2024 को गया के वरीय पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी थी, जिसके बाद जून में कोतवाली थाने में प्राथमिकी हुई। गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपित शिक्षक बक्सर के विद्यालय में नियमित रूप से ड्यूटी कर रहा था और उसकी हाजिरी भी बन रही थी, जिसे लेकर स्थानीय शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे थे। अब गयाजी पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले में आगे की कानूनी स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।