बक्सर में कोर्ट का अनोखा फैसला: दुष्कर्म के दोषी को 10 साल जेल, परिवार के भरण-पोषण का भी आदेश
बक्सर अदालत ने नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 10 साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही, नालसा की 'स्प्रोहा' योजना के तहत दोषी के आश्रित परिवार के भरण-पोषण का भी आदेश दिया, जो जिले में पहली बार हुआ है।

दुष्कर्म के दोषी के परिवार को मिलेगी आर्थिक मदद
HighLights
नाबालिग से दुष्कर्म दोषी को 10 साल कठोर कारावास।
दोषी के आश्रित परिवार के भरण-पोषण का भी आदेश।
NALSA की 'स्प्रोहा' योजना से मिलेगी आर्थिक मदद।
जागरण संवाददाता, बक्सर। बक्सर में एक महत्वपूर्ण फैसले में अदालत ने नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही जिले में पहली बार दोषी के आश्रित परिवार के भरण-पोषण की व्यवस्था करने का आदेश भी दिया है।
एडीजे छह सह पाक्सो कोर्ट के विशेष न्यायाधीश अमित कुमार शर्मा ने नालसा की 'स्प्रोहा' योजना के तहत यह निर्देश दिया है। आरोपित परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था और उसकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है।
10 साल पुराने मामले में सुनाई गई सजा
मामला वर्ष 2016 का है। डुमरांव थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय दिव्यांग नाबालिग के साथ पड़ोस के युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगा था। करीब 10 साल तक चले मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपित को दोषी करार दिया। उसे 10 वर्ष के कठोर कारावास और एक हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है।
DNA रिपोर्ट बनी दोषसिद्धि का अहम आधार
मामले में डीएनए रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों को अदालत ने महत्वपूर्ण माना। इन्हीं के आधार पर आरोपित को दोषी ठहराया गया। अदालत ने एक हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना नहीं देने पर दोषी को एक माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
दोषी के परिवार के भरण-पोषण का भी आदेश
इस फैसले का एक महत्वपूर्ण पहलू दोषी के परिवार को आर्थिक सहायता देने का आदेश है। अदालत ने पाया कि आरोपित परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसकी सजा के बाद परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो सकता है। इसी स्थिति को देखते हुए अदालत ने परिवार के लिए सहायता की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
NALSA की स्प्रोहा योजना से मिलेगी मदद
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की 'स्प्रोहा' योजना के तहत दोषी के परिवार को आर्थिक और शैक्षिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। इस आदेश का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आरोपित की सजा का असर उसके आश्रित परिवार के जीवन और बच्चों की शिक्षा पर न पड़े।
जिले में पहली बार आया ऐसा फैसला
बक्सर में पहली बार किसी दुष्कर्म के दोषी के परिवार के भरण-पोषण को लेकर इस तरह का न्यायिक आदेश सामने आया है। एक ओर अदालत ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में दोषी को कठोर सजा सुनाई, वहीं दूसरी ओर उसके आश्रित परिवार की आर्थिक और शैक्षिक जरूरतों को भी ध्यान में रखा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।