विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बक्सर के चौसा थर्मल पावर प्लांट को लेकर बड़ा फैसला, अब मूल कंपनी SJVN में होगा STPL का सीधा विलय

Published: Sun, 15 Nov 2026 07:37 AM (IST)

एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड (एसटीपीएल) का उसकी मूल कंपनी सतलज जल विद्युत निगम (एसजेवीएन) लिमिटेड में विलय होगा, जिसे बोर्ड ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. एसटीपीएल का एसजेवीएन लिमिटेड में सीधा विलय होगा।

  2. प्रशासनिक खर्चों में कटौती और परिचालन दक्षता बढ़ेगी।

  3. बक्सर संयंत्र का स्वामित्व सीधे एसजेवीएन के पास आएगा।

शुभ नारायण पाठक, बक्सर। जिले के चौसा प्रखंड स्थित 1,320 मेगावाट के ताप विद्युत संयंत्र का संचालन करने वाली एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड (एसटीपीएल) का अब अपनी मूल कंपनी सतलज जल विद्युत निगम (एसजेवीएन) लिमिटेड में सीधा विलय होगा।

एसजेवीएन के निदेशक मंडल ने बीते 30 अक्टूबर को इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। स्टाक एक्सचेंज को दी गई आधिकारिक सूचना के मुताबिक, इस कदम का उद्देश्य प्रशासनिक व अनुपालन खर्चों में कटौती करना, नियामक प्रक्रियाओं को सरल बनाना और परिचालन दक्षता बढ़ाना है।

चूंकि एसटीपीएल, एसजेवीएन की शत-प्रतिशत स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है, इसलिए इस विलय में नए शेयर जारी नहीं होंगे और न ही एसजेवीएन की शेयरधारिता संरचना बदलेगी।

चौसा परियोजना की 660-660 मेगावाट की दोनों इकाइयों का निर्माण पूरा होने के बाद व्यावसायिक उत्पादन क्रमश: नवंबर 2025 में और सितंबर 2026 में शुरू हो चुका है।

अब अलग कंपनी होने के कारण दोहरे ऑडिट, बोर्ड बैठकों और कर समायोजन में अतिरिक्त समय व खर्च लगता है। इस विलय के बाद मूल कंपनी के नकदी प्रवाह तथा बक्सर संयंत्र की वित्तीय देनदारियों व टैक्स लाभों का बेहतर समन्वय हो सकेगा।

संयंत्र का स्वामित्व व प्रबंधन सीधे एसजेवीएन के पास आने से कोयला आपूर्ति, रेलवे साइडिंग और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़े वित्तीय निर्णयों में तेजी आएगी, जबकि कर्मचारियों और स्थानीय परियोजनाओं की निरंतरता पूर्ववत बनी रहेगी।

विलय की विस्तृत योजना (स्कीम ऑफ अमलगमेशन) तैयार की जा रही है। चूंकि एसजेवीएन एक सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम (सीपीएसयू) है, इसलिए सरकारी कंपनियों के नियमों के तहत इसके विलय का अधिकार एनसीएलटी के बजाय सीधे भारत सरकार के कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय (एमसीए) के पास है। इसके लिए विद्युत मंत्रालय व एमसीए की स्वीकृति, ऋणदाताओं की अनापत्ति और बिजली खरीद समझौतों (पीपीए) में नाम परिवर्तन की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी, जिसमें 9 से 12 महीने तक का समय लगने की उम्मीद है।

इस कंपनी का गठन मूल रूप से सात मई 2007 को 'मछलीपट्टनम पावर कंपनी प्राइवेट लिमिटेड' के रूप में हुआ था। बाद में बिहार राज्य विद्युत बोर्ड (बीएसईबी) और इन्फ्रास्ट्रक्चर लीजिंग एंड फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (आइएलएंडएफएस) की पहल पर इसे बक्सर परियोजना के लिए 'बक्सर बिजली कंपनी प्राइवेट लिमिटेड' (एसपीवी) बनाया गया, ताकि भूमि अधिग्रहण, पर्यावरण स्वीकृति, ऋण जुटाने और पीपीए की प्रक्रिया तेज हो सके।

केंद्र व बिहार सरकार के समझौते के बाद चार जुलाई 2013 को एसजेवीएन ने इसका शत-प्रतिशत अधिग्रहण किया और 17 अक्टूबर 2013 को इसका नाम बदलकर 'एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड' कर दिया।

कंपनी का सफर

  • 7 मई 2007: मछलीपट्टनम पावर कंपनी प्रा. लि. के रूप में गठन।
  • 4 जुलाई 2013: एसजेवीएन लिमिटेड द्वारा 100% अधिग्रहण।
  • 17 अक्टूबर 2013: नाम बदलकर एसजेवीएन थर्मल प्रा. लि. (एसटीपीएल) किया गया।
  • 30 अक्टूबर 2026: मूल कंपनी एसजेवीएन में विलय को बोर्ड की सैद्धांतिक मंजूरी।

यह भी पढ़ें- ट्रेन में सीट नहीं मिली तो खुद थामी स्टीयरिंग, छठ मनाने 20 घंटे का सफर कर हरियाणा से बिहार पहुंचे अविनाश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।